बिहार के मधेपुरा जिले के गम्हरिया स्थित एक विद्यालय में मध्याह्न भोजन (मिड डे मील) में छिपकली की पूंछ मिलने और कुछ बच्चों के बीमार होने की घटना को शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने गंभीरता से लिया है। घटना की जानकारी मिलते ही उन्होंने रविवार को मधेपुरा के जिलाधिकारी से बात कर पूरे मामले की तत्काल जांच कराने और दोषियों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
शिक्षा मंत्री ने स्पष्ट कहा कि जांच में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने जिलाधिकारी को निर्देश दिया कि जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ), मिड डे मील के जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (डीपीओ), विद्यालय के प्रधानाध्यापक, रसोइया, साधनसेवी सहित सभी जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मियों की भूमिका की जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
मिथिलेश तिवारी ने मध्याह्न भोजन योजना के निदेशक से भी इस मामले में स्पष्टीकरण मांगा है। साथ ही निर्देश दिया है कि विद्यालयों में बच्चों को दिए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता के मानकों का कड़ाई से पालन कराया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
उन्होंने कहा कि विद्यालयों में बच्चों को सुरक्षित, स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इस मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
शिक्षा मंत्री ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि भविष्य में किसी भी विद्यालय में इस प्रकार की घटना दोबारा सामने आती है तो संबंधित दोषी अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
