पटना। बिहार सरकार करीब 1100 श्रद्धालुओं के लिए 20 जुलाई 2026 को दो दिवसीय “सोमनाथ यात्रा” का आयोजन करने जा रही है। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं बिहार सरकार निःशुल्क मुहैया कराएगी। वहीं, सोमनाथ में आवास और स्थानीय परिवहन, स्वागत एवं विदाई कार्यक्रम सहित सभी जरूरी व्यवस्थाएं गुजरात सरकार करेगी। बिहार सरकार इस यात्रा का आयोजन भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय की ओर से आयोजित सोमनाथ स्वाभिमान पर्व-1000 वर्ष की अद्भुत आस्था के उपलक्ष्य में करने जा रही है।
यात्रा का शुभारंभ 20 जुलाई को पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन से विशेष रेलगाड़ी के ज़रिए होगी। श्रद्धालु सोमनाथ धाम के दर्शन एवं भ्रमण के उपरांत 26 जुलाई को वापस पटना लौटेंगे। यात्रा को सफल बनाने के लिए वातानुकूलित रेल यात्रा, भोजन, श्रद्धालुओं के लिए विशेष किट , चिकित्सा सहायता, सुरक्षा, स्वयंसेवक सहित सभी अन्य सुविधाएँ बिहार सरकार करेगी।

यह आयोजन सोमनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण के 75 वर्ष पूर्ण होने तथा उसकी ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। यह कार्यक्रम संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार के राष्ट्रीय अभियान का हिस्सा है, जिसके माध्यम से देशभर में भारत की गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत के प्रति जनभागीदारी और जागरूकता को बढ़ावा दिया जा रहा है।
इस अवसर पर माननीय मंत्री, कला एवं संस्कृति विभाग डॉ. प्रमोद कुमार ने कहा कि “सोमनाथ केवल एक मंदिर नहीं, बल्कि भारत की आस्था, सांस्कृतिक चेतना और राष्ट्रीय स्वाभिमान का जीवंत प्रतीक है। यह यात्रा देश की सांस्कृतिक विरासत के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने और नई पीढ़ी को अपनी गौरवशाली परंपराओं से जोड़ने का महत्वपूर्ण प्रयास है। बिहार सरकार श्रद्धालुओं को एक सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं अविस्मरणीय आध्यात्मिक अनुभव उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि कला एवं संस्कृति विभाग इस यात्रा की प्रत्येक व्यवस्था को श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रख कर सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ सुनिश्चित करने जा रहा है, ताकि यह यात्रा राज्य की सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक चेतना को सुदृढ़ करने का माध्यम बन सके। राज्य सरकार द्वारा इस आयोजन के लिए प्रशासनिक मंजूरी दे दी है।
दूसरी ओर ‘सोमनाथ यात्रा’ की तैयारियों के क्रम में आज कला एवं संस्कृति विभाग सचिव, प्रणव कुमार ने पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर यात्रा से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस मौक़े पर सांस्कृतिक कार्य निदेशालय के निदेशक, रूबी, संग्रहालय, निदेशक, कृष्ण कुमार सहित विभाग के दूसरे वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने श्रद्धालुओं के स्वागत, पंजीकरण, बैठने की व्यवस्था, प्लेटफॉर्म प्रबंधन, सुरक्षा, चिकित्सा सहायता, पेयजल, स्वच्छता, सूचना सहायता केंद्र, सामान प्रबंधन और दूसरे ज़रूरी सुविधाओं का निरीक्षण किया। साथ ही संबंधित अधिकारियों एवं कार्यान्वयन एजेंसियों को सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध एवं सुव्यवस्थित ढंग से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस मौक़े पर सचिव श्री प्रणव कुमार ने कहा कि सोमनाथ यात्रा बिहार सरकार की एक महत्वपूर्ण सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक पहल है। विभाग का प्रयास है कि प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित, सुविधाजनक एवं गरिमामय यात्रा का अनुभव प्राप्त हो। उन्होंने सभी संबंधित एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए यात्रा की प्रत्येक व्यवस्था को उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने पर ज़ोर दिया।
निरीक्षण के दौरान रेलवे प्रशासन एवं संबंधित एजेंसियों के प्रतिनिधियों के साथ भी बैठक कर यात्रा के सफल संचालन हेतु आवश्यक तैयारियों की समीक्षा की गई तथा विभिन्न व्यवस्थाओं पर विस्तृत चर्चा की गई। हम आपको बता दे कि 20 जुलाई को आयोजित होने वाली सोमनाथ यात्रा में लगभग 1100 श्रद्धालु विशेष रेलगाड़ी के माध्यम से पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन से सोमनाथ के लिए प्रस्थान करेंगे।
