पटना। बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर शनिवार को पटना के कदमकुआं स्थित हिंदी साहित्य सम्मेलन भवन में एनडीए कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, जद(यू) प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद डॉ. रविशंकर प्रसाद, एनडीए प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा सहित एनडीए के सभी प्रमुख घटक दलों के नेताओं ने कार्यकर्ताओं को चुनाव अभियान में पूरी ताकत के साथ जुटने का आह्वान किया।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि एनडीए कार्यकर्ता बूथ स्तर तक संगठन को और अधिक मजबूत करें तथा पूरे जोश, समर्पण और एकजुटता के साथ चुनाव प्रचार में जुटकर बांकीपुर से एनडीए प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा की प्रचंड विजय सुनिश्चित करें।
इस अवसर पर जद(यू) प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि विकास, सुशासन और जनसेवा की नीति पर बांकीपुर की जनता का अटूट विश्वास है। उन्होंने दावा किया कि समाज के सभी वर्गों का अभूतपूर्व समर्थन एनडीए को मिल रहा है और पूरे विधानसभा क्षेत्र में जनता का एकतरफा रुझान एनडीए के पक्ष में दिखाई दे रहा है।
उन्होंने कहा कि बांकीपुर के लोगों का अपने पूर्व विधायक और वर्तमान भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से वर्षों पुराना आत्मीय संबंध रहा है। वर्ष 2006 से क्षेत्र के विकास और लोगों के सुख-दुख में उनकी सहभागिता के कारण आम जनता इस उपचुनाव में एनडीए उम्मीदवार को भारी मतों से विजयी बनाकर केंद्रीय नेतृत्व के प्रति अपना आभार व्यक्त करना चाहती है।

उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि पिछले विधानसभा चुनाव में बिहार की जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की विकासपरक जोड़ी पर भरोसा जताते हुए एनडीए को 202 सीटों का प्रचंड जनादेश दिया था। उनका कहना था कि बांकीपुर की जनता भी इस बार ऐतिहासिक जनादेश देकर विकास और सुशासन की राजनीति पर अपनी मुहर लगाएगी।
उन्होंने कहा कि बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र कृष्ण वल्लभ सहाय, महामाया प्रसाद सिन्हा, ठाकुर प्रसाद और नवीन कुमार सिन्हा जैसे दिग्गज नेताओं की कर्मभूमि रहा है। ऐसे गौरवशाली क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किसी अनुचित व्यक्ति के हाथों में नहीं जाना चाहिए। उन्होंने विश्वास जताया कि विपक्ष कितना भी प्रयास कर ले, बांकीपुर में उसकी रणनीति सफल नहीं होगी।
जद(यू) प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि वर्ष 2005 से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए सरकार ने न्याय के साथ विकास और सुशासन का मॉडल स्थापित किया है। राज्य के हर वर्ग तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचा है, इसलिए विपक्ष के दुष्प्रचार का मतदाताओं पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रत्येक बूथ पर पूरी मजबूती के साथ चुनावी अभियान चलाने का आह्वान करते हुए कहा कि एनडीए का एक-एक कार्यकर्ता कंधे से कंधा मिलाकर चुनाव मैदान में डटा हुआ है और विपक्ष कहीं भी चुनौती देने की स्थिति में नहीं है।
कार्यक्रम में एनडीए प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद डॉ. रविशंकर प्रसाद, लोजपा (रामविलास) के प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी, राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष आलोक कुमार, हम के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अनिल कुमार, विधान परिषद में सत्तारूढ़ दल के मुख्य सचेतक संजय कुमार सिंह उर्फ गांधी जी, विधायक अरुण मांझी, विधायक वशिष्ठ सिंह, प्रदेश महासचिव कमल नोपानी, अनिल कुमार, वासुदेव कुशवाहा, प्रदेश प्रवक्ता डॉ. अनुप्रिया यादव सहित एनडीए के विभिन्न घटक दलों के वरिष्ठ नेता, जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
