मनोज भारती बोले- तिरहुत क्षेत्र की सूची में 1668 डुप्लीकेट नाम मिले; कुमार सौरभ ने कहा- फाइनल लिस्ट में त्रुटियां दूर करने का मिला आश्वासन
पटना। MLC मतदाता सूची में कथित विसंगतियों और सुधार की मांग को लेकर जन सुराज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती के नेतृत्व में पार्टी के उच्चस्तरीय शिष्टमंडल ने शुक्रवार को मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO), बिहार से मुलाकात की। शिष्टमंडल ने मतदाता सूची में सुधार की मांग को लेकर CEO बिहार को ज्ञापन सौंपा।
इस दौरान मनोज भारती ने कहा कि दो दिन पहले ही जन सुराज ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर MLC मतदाता सूची में कथित विसंगतियों का मुद्दा उठाया था। उन्होंने कहा कि तिरहुत क्षेत्र की सूची में 1668 ऐसे नाम मिले हैं, जिन्हें पार्टी ने डुप्लीकेट बताया है। एक ही नाम के दो-दो बार दर्ज होने की सूची भी पार्टी की ओर से सामने रखी गई थी।
‘निर्वाचन आयोग ने गलतियों का संज्ञान लिया’
मनोज भारती ने कहा कि MLC मतदाता सूची में विसंगतियों को लेकर शुक्रवार को निर्वाचन आयोग को ज्ञापन सौंपा गया है। उनके मुताबिक, आयोग ने ज्ञापन स्वीकार किया और सूची में सामने आई गलतियों का संज्ञान लिया है।
उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग की ओर से बताया गया है कि चुनाव की घोषणा होने तक MLC मतदाता सूची में आवश्यक संशोधन की प्रक्रिया जारी रहेगी। इसके बाद प्रकाशित होने वाली अंतिम MLC मतदाता सूची के आधार पर चुनाव कराया जाएगा।
विधानसभा-लोकसभा जैसी प्रक्रिया अपनाने की मांग
मनोज भारती ने कहा कि जन सुराज की दूसरी मांग यह है कि विधानसभा और लोकसभा चुनाव के लिए मतदाता सूची तैयार करने में जिस तरह की प्रक्रिया अपनाई जाती है, उसी तरह की प्रक्रिया विधान परिषद चुनाव के लिए भी अपनाई जानी चाहिए।
उन्होंने मांग की कि चुनाव से पहले होने वाले रिवीजन में दो अलग-अलग कॉलम स्नातक और शिक्षक बनाए जाएं। निर्वाचन आयोग अपनी MLC मतदाता सूची को व्यवस्थित कर स्नातक और शिक्षक मतदाताओं के लिए अलग-अलग मतदाता सूची तैयार करे।

मनोज भारती के मुताबिक, इस मांग पर निर्वाचन आयोग की ओर से कुछ तकनीकी पहलुओं की जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि यह विधि-विधान में परिवर्तन से जुड़ा विषय है और आयोग के अधिकार क्षेत्र से बाहर है।
मनोज भारती ने कहा, “ज्ञापन सौंपने के दौरान हमने सिर्फ इतना निवेदन किया कि हमारी मांगों को केंद्र में निर्वाचन आयोग के पास भेजें और वहां इस विषय को रखें।”
फाइनल लिस्ट में अशुद्धि नहीं रहने का मिला आश्वासन: कुमार सौरभ
जन सुराज पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता कुमार सौरभ ने कहा कि जो MLC मतदाता सूची जारी की गई थी, उसमें संशोधन की जरूरत थी। उन्होंने कहा कि MLC मतदाता सूची में गड़बड़ी होने का प्रमाण भी जन सुराज पार्टी ने निर्वाचन आयोग के सामने रखा है।
कुमार सौरभ ने कहा कि आयोग की ओर से बताया गया कि MLC मतदाता सूची तैयार करना एक सतत प्रक्रिया है। चुनाव की अधिसूचना जारी होने के बाद अंतिम MLC मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी और उसमें किसी तरह की त्रुटि नहीं रहने देने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि आयोग ने आश्वासन दिया है कि फाइनल MLC मतदाता सूची में मौजूदा अशुद्धियां नहीं रहेंगी। इस दौरान पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता कुमार सौरभ और पूर्व आईपीएस जितेंद्र मिश्रा समेत अन्य नेता मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें:-
डॉ. विनयन की 79वीं जयंती पर नवादा आश्रम में जुटे साथी, संघर्षों को किया याद
पहली बार हिंदी सिनेमा में बड़े पर्दे पर दिखी छठ की आस्था, ‘छठी मैया’ में तमन्ना भाटिया ने जीता दिल
रेलवे टेंडर मनी लॉन्ड्रिंग केस में लालू-राबड़ी और तेजस्वी समेत 9 के खिलाफ आरोप तय, 7 आरोपी बरी
