भोजपुरी सिनेमा के ट्रेंडिंग स्टार खेसारी लाल यादव की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘मेहरबान’ का ट्रेलर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है। करीब 3 मिनट 14 सेकंड लंबे इस ट्रेलर में एक्शन, इमोशन और पारिवारिक मूल्यों का दमदार मेल देखने को मिलता है, जिसने दर्शकों के बीच फिल्म को लेकर उत्सुकता बढ़ा दी है।
फिल्म का ट्रेलर खेसारी मूवीज, खेसारी म्यूजिक वर्ल्ड और खेसारी डेवोशनल के आधिकारिक यूट्यूब चैनलों पर रिलीज किया गया है। रोनिक फिल्म्स के बैनर तले बनी इस फिल्म के निर्माता संजय शर्मा हैं, जबकि निर्देशन दिवंगत सुशील कुमार उपाध्याय ने किया है।

ट्रेलर में खेसारी लाल यादव एक ऐसे नायक के रूप में नजर आते हैं, जो अपने परिवार की सुरक्षा, सम्मान और अस्तित्व की रक्षा के लिए हर चुनौती का सामना करता है। निजी त्याग, रिश्तों की मजबूती और संघर्ष की कहानी फिल्म की सबसे बड़ी खासियत बनकर सामने आती है। दमदार संवाद, शानदार एक्शन सीक्वेंस और भावनात्मक दृश्य ट्रेलर को प्रभावशाली बनाते हैं।
फिल्म में खेसारी लाल यादव के साथ मेघाश्री और सपना चौहान मुख्य भूमिकाओं में हैं। ट्रेलर में दोनों अभिनेत्रियों के साथ खेसारी की शानदार केमिस्ट्री भी देखने को मिलती है।
ट्रेलर रिलीज के बाद खेसारी लाल यादव ने कहा कि ‘मेहरबान’ उनके करियर की उन फिल्मों में से एक है, जिसमें दर्शकों को मनोरंजन के साथ रिश्तों, भावनाओं और संघर्ष की मजबूत कहानी देखने को मिलेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि दर्शक ट्रेलर की तरह फिल्म को भी भरपूर प्यार देंगे।

फिल्म की कहानी और पटकथा मनोज कुशवाहा ने लिखी है। संगीत कृष्णा बेदर्दी का है, जबकि गीत कृष्णा बेदर्दी और राजेश मिश्रा ने लिखे हैं।
फिल्म में महेश आचार्य, प्रकाश जैस, सोनू पांडेय, राज मोर्या, दीपक सिन्हा, विनोद मिश्रा, श्रद्धा नवल, निशा तिवारी और सैकुत चटर्जी भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
तकनीकी पक्ष की बात करें तो प्रवीण राय की एडिटिंग, असलम सुर्ती का बैकग्राउंड म्यूजिक, कानू मुखर्जी की कोरियोग्राफी, दिलीप यादव के एक्शन निर्देशन, रविंद्र नाथ गुप्ता का आर्ट डायरेक्शन और ओमप्रकाश चौधरी के वीएफएक्स ने ट्रेलर को भव्य सिनेमाई रूप दिया है।
