नीट पेपरलीक, भर्ती में देरी, बेरोज़गारी और शिक्षा के मुद्दे को लेकर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी 11 जुलाई को पटना में छात्रों को संबोधित करेंगे। देश भर में चलाए जा रहे छात्रों की गूंज अभियान के तहत राहुल पटना आ रहे हैं। इस कार्यक्रम को अमली जामा पहनाने के लिए एक्शन कमेटी की पहली बैठक गांधी संग्रहालय पटना में हुई। इस बैठक में विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्र छात्राओं, शिक्षकों, समाजसेवियों और एक्शन ग्रुप के सदस्यों ने हिस्सा लिया। इस बैठक में विशेष रूप से बिहार कांग्रेस के प्रभारी कृष्णा अल्लावरू और महासचिव कन्हैया कुमार मौजूद रहे।
बैठक में अनुपम कुमार ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की और उपस्थित सदस्यों को उनकी ज़िम्मेदारियों से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि सभी सदस्यों को छात्रों के बीच जाकर उनसे संपर्क एवं संवाद स्थापित करना है। उन्होंने कहा कि छात्रों को छात्रों की गूंज कार्यक्रम के उद्देश्य और महत्व की जानकारी देनी है। उन्होंने आगे कहा कि आज भारत की प्रतियोगी परीक्षा व्यवस्था सिलेक्शन प्रक्रिया कम और इंजेक्शन प्रक्रिया अधिक बन गई है। लाखों युवा सालों तक मेहनत करते हैं, लेकिन सीमित अवसरों, भर्ती में देरी और परीक्षा संबंधी अनियमितताओं के कारण अधिकांश छात्रों को निराशा का सामना करना पड़ता है।
बैठक को कांग्रेस नेता और एनएसयूआई के राष्ट्रीय प्रभारी कन्हैया कुमार ने भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि छात्रों की गूंज कोई राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि देशभर में विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे लाखों युवाओं की आवाज़ है। यह उन छात्रों और उनके परिवारों की पीड़ा एवं संघर्ष को सामने लाने का प्रयास है, जो सालों की कठिन मेहनत के बावजूद अपने परिश्रम का उचित परिणाम नहीं प्राप्त कर पाते हैं।
कन्हैया कुमार ने कहा कि यदि देश की शीर्ष पाँच प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में छात्रों द्वारा खर्च की जाने वाली राशि को जोड़ दिया जाए तो वह भारत सरकार के कई मंत्रालयों के कुल बजट से भी अधिक होगी। उन्होंने कहा कि आज आवश्यकता है कि छात्रों की समस्याओं, चुनौतियों और अपेक्षाओं को राष्ट्रीय विमर्श का हिस्सा बनाया जाए। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं एवं सदस्यों से छात्रों तक अधिक से अधिक पहुँच बनाने, उन्हें संगठित करने और कार्यक्रम को ऐतिहासिक रूप से सफल बनाने का आह्वान किया। बैठक में चंद्रभूषण राजपूत सिंह कांग्रेस पार्टी, एनएसयूआई एवं इंडियन यूथ कांग्रेस के अनेकों कार्यकर्ता और नेता मौजूद रहे।
