बिहार अब केवल रोजगार तलाशने वाला राज्य नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला राज्य बनता जा रहा है। केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री चिराग पासवान ने शुक्रवार को कहा कि प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यम उन्नयन (PMFME) योजना के क्रियान्वयन में बिहार पूरे देश में अग्रणी है। राज्य में अब तक 33 हजार से अधिक उद्यमियों और 25 हजार से अधिक महिला स्वयं सहायता समूहों को इस योजना का लाभ मिल चुका है।
चिराग पासवान ने यह बातें फ्लिपकार्ट समर्थ कार्यक्रम के तहत हाजीपुर स्थित बिहार इंस्टीट्यूट ऑफ करेक्शनल एडमिनिस्ट्रेशन में आयोजित ओरिएंटेशन एवं प्रशिक्षण कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहीं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों का उद्देश्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना है और बिहार इस दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
‘लखपति दीदी’ योजना से बदल रही महिलाओं की तस्वीर
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री की लखपति दीदी योजना ने ग्रामीण महिलाओं के जीवन में बड़ा बदलाव लाया है। स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं अब अपने परिवार के साथ मिलकर आय बढ़ाने के नए अवसर तलाश रही हैं। डिजिटल प्लेटफॉर्म और ई-कॉमर्स के जरिए गांवों से ही कारोबार कर महिलाएं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन रही हैं।
उन्होंने कहा कि बिहार में PMFME योजना के तहत दो लाख उद्यमी तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है और केंद्र सरकार इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

फ्लिपकार्ट समर्थ से डिजिटल बाजार तक पहुंच
पॉलिसीवाच इंडिया फाउंडेशन और फ्लिपकार्ट समर्थ द्वारा आयोजित इस कार्यशाला में राज्यभर की महिला उद्यमियों, स्वयं सहायता समूहों और सूक्ष्म एवं लघु उद्यमों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
कार्यशाला में प्रतिभागियों को फ्लिपकार्ट मार्केटप्लेस पर:
- सेलर रजिस्ट्रेशन
- प्रोडक्ट लिस्टिंग
- डिजिटल मर्चेंडाइजिंग
- बिजनेस डेवलपमेंट
से जुड़ा व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया, ताकि वे अपने उत्पादों को राष्ट्रीय बाजार तक पहुंचा सकें।
बिहार के 40 हजार से अधिक विक्रेता फ्लिपकार्ट से जुड़े
फ्लिपकार्ट की पब्लिक पॉलिसी एवं गवर्नमेंट अफेयर्स के वाइस प्रेसिडेंट डॉ. तफीम सिद्दीकी ने बताया कि बिहार के 40,000 से अधिक विक्रेता फ्लिपकार्ट प्लेटफॉर्म से जुड़े हुए हैं। इनके माध्यम से मधुबनी पेंटिंग, भागलपुरी सिल्क, मिथिला मखाना सहित कई स्थानीय उत्पाद देशभर के ग्राहकों तक पहुंच रहे हैं।
विशेष रूप से बिहार के मखाना उत्पादकों को डिजिटल कॉमर्स के माध्यम से राष्ट्रीय बाजार से जोड़ने पर जोर दिया गया, ताकि उनकी आय में वृद्धि हो सके।
70 लाख लोगों की आजीविका से जुड़ा है फ्लिपकार्ट समर्थ
वर्ष 2019 में शुरू किया गया फ्लिपकार्ट समर्थ कार्यक्रम देशभर के MSME, कारीगरों, महिला उद्यमियों और वंचित समुदायों को ई-कॉमर्स से जोड़ने का काम कर रहा है। कार्यक्रम के तहत अब तक 70 लाख से अधिक लोगों की आजीविका को सहयोग मिला है तथा इससे जुड़े कारोबारों में 300 प्रतिशत तक वृद्धि दर्ज की गई है। कार्यशाला में पॉलिसीवाच इंडिया फाउंडेशन की निदेशक आभा मिश्रा भी उपस्थित रहीं।
