बिहार के युवाओं और महिलाओं के कौशल विकास को नई दिशा देने की दिशा में गुरुवार को एक महत्वपूर्ण पहल की गई। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और केंद्रीय कौशल विकास एवं उद्यमशीलता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं शिक्षा राज्य मंत्री जयन्त चौधरी ने पटना में महिलाओं के लिए नेशनल स्किल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट (NSTI-Women) के स्थायी परिसर की स्थापना की घोषणा की। साथ ही बिहार सरकार और केंद्रीय कौशल विकास एवं उद्यमशीलता मंत्रालय (MSDE) के बीच स्किल इंडिया इंटरनेशनल सेंटर (SIIC) की स्थापना के लिए समझौता ज्ञापन (MoU) का आदान-प्रदान भी किया गया।
दोनों परियोजनाओं का उद्देश्य महिलाओं के लिए आधुनिक व्यावसायिक प्रशिक्षण उपलब्ध कराना तथा बिहार के युवाओं को अंतरराष्ट्रीय रोजगार के लिए तैयार करना है।
बिहटा में बनेगा 99.97 करोड़ रुपये का आधुनिक NSTI (महिला) कैंपस
सिकंदरपुर, बिहटा में बनने वाला NSTI (महिला) का स्थायी परिसर लगभग 99.97 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किया जाएगा।
परिसर में शामिल होंगे—
- आधुनिक प्रशासनिक भवन
- अत्याधुनिक अकादमिक ब्लॉक
- छात्राओं के लिए हॉस्टल
- आधुनिक प्रयोगशालाएं
- उद्योग आधारित प्रशिक्षण सुविधाएं
इसके शुरू होने के बाद बिहार और आसपास के राज्यों की महिलाओं को अत्याधुनिक कौशल प्रशिक्षण उपलब्ध होगा।
स्किल इंडिया इंटरनेशनल सेंटर से खुलेगा विदेश में रोजगार का रास्ता
करीब 7 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला स्किल इंडिया इंटरनेशनल सेंटर (SIIC) बिहार के युवाओं को वैश्विक रोजगार के लिए तैयार करेगा।
यहां युवाओं को मिलेगा—
- अंग्रेजी, जर्मन, जापानी और फ्रेंच भाषा प्रशिक्षण
- अंतरराष्ट्रीय प्लेसमेंट काउंसलिंग
- विदेशी प्रमाणन (Certification) में सहायता
- सुरक्षित माइग्रेशन संबंधी मार्गदर्शन
- विदेश जाने से पहले आवश्यक प्रशिक्षण
साथ ही इलेक्ट्रिकल, प्लंबिंग, कंस्ट्रक्शन, एग्रीकल्चर सहित कई हाई-डिमांड सेक्टरों में अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप प्रशिक्षण दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने क्या कहा
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहटा में बनने वाला NSTI (महिला) परिसर और स्किल इंडिया इंटरनेशनल सेंटर बिहार के स्किल इकोसिस्टम को नई मजबूती देगा। उन्होंने कहा कि—
“लगभग 99.97 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह संस्थान युवा महिलाओं को इंडस्ट्री आधारित प्रशिक्षण देगा। वहीं स्किल इंडिया इंटरनेशनल सेंटर बिहार के युवाओं के लिए देश और विदेश में रोजगार के नए अवसर खोलेगा।”
मुख्यमंत्री ने कहा कि ये पहलें ‘समृद्ध बिहार’ और ‘विकसित भारत’ के साझा विजन को गति देंगी।
जयन्त चौधरी बोले- Women Led Development को मिलेगी ताकत
केंद्रीय मंत्री जयन्त चौधरी ने कहा कि—
“महिलाओं के नेतृत्व में विकास भारत की प्रगति का महत्वपूर्ण आधार है। पटना में NSTI (महिला) का स्थायी परिसर महिलाओं को आधुनिक कौशल, बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर और रोजगार के नए अवसर देगा।”
उन्होंने कहा कि स्किल इंडिया इंटरनेशनल सेंटर बिहार के युवाओं को वैश्विक करियर के लिए तैयार करेगा।
प्रधानमंत्री मोदी ने किया था NSTI (महिला) का उद्घाटन
NSTI (महिला), पटना बिहार में महिलाओं के लिए केंद्र सरकार का एकमात्र विशेष कौशल प्रशिक्षण संस्थान है। इसका उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था। फिलहाल यह अस्थायी परिसर से संचालित हो रहा है, जहां प्रशिक्षण दिए जा रहे हैं—
- इलेक्ट्रॉनिक्स मैकेनिक
- फैशन डिजाइन एवं टेक्नोलॉजी
- आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस
- कॉस्मेटोलॉजी
साथ ही PM सूर्य घर योजना, NIESBUD, STRIVE और अन्य कौशल कार्यक्रमों के तहत भी महिलाओं को प्रशिक्षण दिया गया है।

13 नए ट्रेड शुरू करने की तैयारी
स्थायी परिसर शुरू होने के बाद संस्थान में CITS और CTS के तहत 13 ट्रेड संचालित किए जाएंगे। इनमें शामिल होंगे—
- AI एवं Programming Assistant
- Drone Technician
- Solar Technician
- Radiology Technician
- Fashion Technology
- Electronics Mechanic
इन पाठ्यक्रमों से प्रतिवर्ष 435 प्रशिक्षुओं को प्रशिक्षण देने की क्षमता विकसित होगी।
समारोह में ये लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम में श्रम संसाधन, प्रवासी श्रमिक कल्याण एवं युवा, रोजगार एवं कौशल विकास मंत्री अरुण शंकर प्रसाद, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, भारत सरकार और बिहार सरकार के वरिष्ठ अधिकारी तथा स्किल डेवलपमेंट क्षेत्र से जुड़े कई प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
मुख्य बिंदु (Highlights)
- बिहटा में बनेगा ₹99.97 करोड़ का NSTI (महिला) कैंपस।
- बिहार में खुलेगा स्किल इंडिया इंटरनेशनल सेंटर।
- केंद्र और बिहार सरकार के बीच MoU का आदान-प्रदान।
- युवाओं को विदेशी भाषा और अंतरराष्ट्रीय रोजगार की ट्रेनिंग।
- महिलाओं को आधुनिक और इंडस्ट्री आधारित कौशल प्रशिक्षण।
- 13 नए ट्रेड शुरू होंगे।
- 435 प्रशिक्षुओं को हर साल प्रशिक्षण देने की क्षमता विकसित होगी।
