श्रमिकों और नियोजकों को बताए गए नए श्रम कानूनों के प्रावधान, अधिकारों और सामाजिक सुरक्षा पर हुई चर्चा
मुंगेर। मुंगेर में नई श्रम संहिताओं पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें श्रमिकों और नियोजकों को चार नए श्रम कानूनों के प्रावधानों, उनके अधिकारों और सामाजिक सुरक्षा की जानकारी दी गई। संयुक्त श्रम भवन, आईटीआई परिसर में आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पाणीकर ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान श्रम विभाग के अधिकारियों ने नए कानूनों के उद्देश्य और उनके अनुपालन के बारे में विस्तार से बताया।
कार्यक्रम में श्रम विभाग के वरीय पदाधिकारियों के अलावा औद्योगिक प्रतिष्ठानों के प्रतिनिधि, विभिन्न श्रमिक संगठनों के पदाधिकारी और गैर सरकारी संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए। प्रशिक्षण सत्र में चार नई श्रम संहिताओं के प्रावधानों, उनके उद्देश्यों और श्रमिकों एवं नियोजकों के लिए उनकी उपयोगिता की जानकारी दी गई।
श्रमिकों के अधिकार और सामाजिक सुरक्षा पर जोर
कार्यक्रम की शुरुआत में श्रम अधीक्षक दिलीप कुमार झा ने अतिथियों, पदाधिकारियों और श्रमिकों का स्वागत किया। इसके बाद प्रशिक्षण सत्र में उप श्रमायुक्त मो. आफताब आलम, सहायक श्रमायुक्त शशि कुमार सक्सेना और श्रम प्रवर्तन पदाधिकारियों ने श्रम संहिताओं के विभिन्न प्रावधानों की विस्तार से जानकारी दी।

प्रशिक्षण के दौरान श्रमिकों के अधिकारों, सामाजिक सुरक्षा और श्रम कानूनों के अनुपालन से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा की गई। अधिकारियों ने बताया कि नई श्रम संहिताओं के प्रावधानों की जानकारी श्रमिकों और नियोजकों दोनों के लिए जरूरी है, ताकि वे अपने अधिकारों और दायित्वों को समझ सकें।
डीएम ने जागरूक रहने की अपील की
जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पाणीकर ने श्रमिकों, औद्योगिक प्रतिष्ठानों के प्रतिनिधियों और अन्य हितधारकों को नए श्रम कानूनों की समुचित जानकारी प्राप्त करने तथा उनके प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों को श्रमिकों के अधिकारों की जानकारी देने और श्रम व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण बताया।
श्रम विभाग के अधिकारी और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि रहे मौजूद
कार्यक्रम में श्रम न्यायालय की पीठासीन पदाधिकारी श्रीमती सविता रानी, कर्मचारी राज्य बीमा निगम के शाखा प्रबंधक इन्द्रदेव प्रसाद, कारखाना निरीक्षक मुकेश कुमार पाण्डेय और मुंगेर चैंबर ऑफ कॉमर्स के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इसके अलावा आईटीसी एवं आईटीसी डेयरी के महाप्रबंधक, विभिन्न श्रमिक संघों के अध्यक्ष और महासचिव तथा परिवार विकास एवं सेवा भारत एनजीओ के प्रतिनिधियों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।
कार्यक्रम का संचालन श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी, जमालपुर विक्रम कुमार ने किया। अंत में श्रम अधीक्षक दिलीप कुमार झा ने धन्यवाद ज्ञापन किया। उन्होंने कहा कि श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग श्रमिकों के हितों की रक्षा, उनके कल्याण और अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए सदैव तत्पर है।
ये भी पढ़ें:-
महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री का जीवन राष्ट्र के प्रति समर्पण की प्रेरणा देता है: मुंगेर डीएम
सोलर लगाते ही बिजली बिल हुआ लगभग शून्य! PM सूर्य घर योजना के लाभुक ने मुख्यमंत्री को बताया फायदा
अशोक चौधरी और भगवान सिंह कुशवाहा को मंत्रिमंडल से बर्खास्त करे सरकार: पप्पू यादव
