उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी मुखिया अखिलेश यादव पर जमकर निशाना साधा है. मुरादाबाद में एक जनसभा के दौरान सीएम योगी ने कहा कि अखिलेश यादव राम मंदिर को लेकर हिंदुओं में भ्रम फैलाने का काम कर रहे हैं. मुख्यमंत्री ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार ने ही कार सेवकों पर गोली चलवाई थी. अब अखिलेश यादव को कृष्ण जन्मभूमि के बारे में बोलना चाहिए.

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि साल 2017 से पहले जब यूपी में लॉ एंड ऑर्डर की स्थिति खराब थी, तब उस वक्त ऐसी कहावत थी कि – देख सपाई, बिटिया घबराई. उस वक्त आम नागरिक भी खौफ में जीता था. एक दिन समाजवादी पार्टी नेता भी राम नाम का भजन करेंगे और कार सेवकों पर फायरिंग पर पश्चाताप करेंगे.
इस बीच समाजवादी पार्टी मुखिया अखिलेश यादव ने राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में भारतीय जनता पार्टी पर पलटवार करते हुए कहा कि मैं चढ़ावा मामले में कोई राजनीति नहीं करना चाहता. जो कुछ भी मैंने किया वो प्रभु श्रीराम ने करवाया है. हमें भगवान श्रीराम का असली भक्त बनकर चढ़ावा चोरी का खुलासा करने वाला यह ट्वीट करना पड़ा. बता दें कि चढ़ावा चोरी का मामला सबसे पहले अखिलेश यादव ने उठाया था. इससे पहले अखिलेश यादव ने अयोध्या जाने को लेकर अपना रुख साफ करते हुए कहा था कि – इटावा में शिव मंदिर निर्माण पूरा होने के बाद मैं अयोध्या में राम मंदिर के दर्शन के लिए जाऊंगा.

मुरादाबाद में जनसभा से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यहां 365.50 करोड़ रुपए के प्रोजेक्ट का शुभारंभ किया. यहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एलान किया कि रामजन्मभूमि आंदोलन से जुड़े वरिष्ठ नेता दाऊ दयाल खन्ना के सम्मान में लाइन इलाके का नाम दाऊ दयाल खन्ना नगर रखने का ऐलान किया. मुख्यमंत्री योगी ने यहां कानून-व्यवस्था की समीक्षा बैठक भी की.
