पटना। बिहार के उभरते क्रिकेट सितारे वैभव सूर्यवंशी ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में नया इतिहास रच दिया है। जिम्बाब्वे के खिलाफ हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेले गए T20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में उन्होंने महज 18 गेंदों में अपना पहला T20I अर्धशतक पूरा कर सबसे कम उम्र में यह उपलब्धि हासिल करने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।
हालांकि अर्धशतक पूरा करने के तुरंत बाद अगली ही गेंद पर वह आउट हो गए, लेकिन उनकी आक्रामक पारी ने भारत को 126 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए शानदार शुरुआत दिलाई।
इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर बिहार क्रिकेट एसोसिएशन (BCA) के अध्यक्ष हर्ष वर्धन ने वैभव को बधाई देते हुए कहा कि यह सिर्फ बिहार ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने कहा कि वैभव ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर संयम, आत्मविश्वास और प्रतिभा का बेहतरीन प्रदर्शन किया है।
हर्ष वर्धन ने कहा कि वैभव की सफलता बिहार के हर युवा क्रिकेटर के लिए प्रेरणास्रोत है और यह साबित करती है कि मेहनत, प्रतिभा और धैर्य से बड़े सपने पूरे किए जा सकते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि यह वैभव के लंबे और सफल अंतरराष्ट्रीय करियर की शानदार शुरुआत है।
बिहार क्रिकेट एसोसिएशन ने भी इस उपलब्धि को राज्य के क्रिकेट इतिहास का महत्वपूर्ण पड़ाव बताते हुए वैभव सूर्यवंशी को आगामी मुकाबलों के लिए शुभकामनाएं दीं।
