बिहार की शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक, तकनीक आधारित और गुणवत्तापूर्ण बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने एक और बड़ा कदम उठाया है। शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने अपने एक दिवसीय जयपुर दौरे के दौरान घोषणा की कि बिहार के स्कूलों में राजस्थान की कई सफल शैक्षणिक विशेषताओं को शामिल किया जाएगा। इसके लिए बिहार से एक विशेष अध्ययन दल जल्द ही राजस्थान भेजा जाएगा।
जयपुर दौरे के दौरान शिक्षा मंत्री ने राजस्थान की स्कूली शिक्षा व्यवस्था, मॉडल स्कूलों के संचालन, डिजिटल लर्निंग, परीक्षा उन्मुख प्रशिक्षण, शैक्षणिक अनुश्रवण तथा कोचिंग नीति का विस्तृत अध्ययन किया। उन्होंने कहा कि इन नवाचारों का उपयोग बिहार की शिक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं आधुनिक बनाने में किया जाएगा।

दौरे के दौरान मिथिलेश तिवारी ने राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी से मुलाकात कर बिहार में शिक्षा के क्षेत्र में हो रहे सुधारों की जानकारी साझा की। वहीं, विधानसभा अध्यक्ष एवं पूर्व शिक्षा मंत्री वासुदेव देवनानी से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू करने के उनके अनुभवों पर विस्तृत चर्चा की।
इसके अलावा उन्होंने राजस्थान के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर से भी मुलाकात कर राज्य में लागू शिक्षा सुधार, डिजिटल शिक्षण, मॉडल स्कूल, विद्यार्थियों के मार्गदर्शन और शैक्षणिक नवाचारों से जुड़ी तकनीकी जानकारियां हासिल कीं।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि राजस्थान से प्राप्त अनुभव बिहार में शिक्षा सुधार की दिशा में उपयोगी साबित होंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि दोनों राज्यों के बीच अनुभवों का आदान-प्रदान विद्यार्थियों को बेहतर और आधुनिक शिक्षा उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
