जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नवीन के इस्तीफे से रिक्त हुई बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव में पूरे दमखम के साथ उतर चुके हैं। अपनी उम्मीदवारी की घोषणा के साथ ही उन्होंने स्पष्ट कर दिया है कि भाजपा को हराने के लिए वे पूरी ताकत झोंक देंगे।
हालांकि भाजपा और महागठबंधन की ओर से अभी तक अपने-अपने उम्मीदवारों की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन चुनावी मैदान में सबसे पहले उतरकर प्रशांत किशोर ने राजनीतिक बढ़त लेने की कोशिश की है। बिहार की राजनीति और बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र के चुनावी समीकरणों को देखते हुए माना जा रहा है कि इस सीट पर जन सुराज और भाजपा के बीच सीधी टक्कर देखने को मिल सकती है।
इसी बीच आसनसोल से तृणमूल कांग्रेस के सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट कर प्रशांत किशोर की उम्मीदवारी को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उनके पोस्ट को राजनीतिक गलियारों में प्रशांत किशोर के समर्थन के तौर पर देखा जा रहा है।
अपने X पोस्ट में शत्रुघ्न सिन्हा ने लिखा—
“बिहार की राजनीति में बड़ा धमाका!!!! सबसे योग्य, दूरदर्शी, विलक्षण बुद्धिजीवी, जन-जन के नेता और हर दृष्टि से सबसे अधिक लोकप्रिय, प्रशंसित एवं चर्चित व्यक्तित्व प्रशांत किशोर ने आखिरकार चुनावी मैदान में उतरकर बिहार की राजनीति ही नहीं, बल्कि पूरे देश के राजनीतिक गलियारों और आम जनता के बीच एक नई हलचल पैदा कर दी है।
एक ‘बिहारी बाबू’ होने के नाते मुझे यह राजनीतिक घटनाक्रम बेहद रोचक और निश्चित रूप से विस्फोटक प्रतीत होता है।
आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है—सबकी एकता। आशा, इच्छा और प्रार्थना है कि आम जनता, विशेषकर युवा पीढ़ी, जाति, धर्म और दलगत सीमाओं से ऊपर उठकर उनका समर्थन करे।
जय बिहार! जय हिंद!”
शत्रुघ्न सिन्हा की इस पोस्ट से यह स्पष्ट संकेत मिलता है कि वे प्रशांत किशोर की उम्मीदवारी को सकारात्मक नजरिए से देख रहे हैं। उन्होंने न केवल उनकी खुलकर सराहना की है, बल्कि आम जनता, विशेषकर युवाओं से उनके समर्थन की अपील भी की है।

गौरतलब है कि बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में शत्रुघ्न सिन्हा और उनके परिवार का वर्षों से राजनीतिक प्रभाव रहा है। वर्ष 2020 के विधानसभा चुनाव में उनके पुत्र लव सिन्हा ने कांग्रेस के टिकट पर इसी सीट से चुनाव लड़ा था, हालांकि उन्हें भाजपा के नितिन नवीन के हाथों हार का सामना करना पड़ा था।
शत्रुघ्न सिन्हा लंबे समय से महागठबंधन के प्रमुख नेताओं में शामिल रहे हैं और महागठबंधन के समर्थकों के बीच उनकी अच्छी पकड़ मानी जाती है। ऐसे में बांकीपुर उपचुनाव से पहले उनका यह X पोस्ट राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इससे उपचुनाव की सियासत में नई चर्चा और नए समीकरणों को बल मिल सकता है।
