बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए एनडीए समर्थित भाजपा प्रत्याशी अभिषेक कुमार सिन्हा “बंटी” के नामांकन के बाद स्काउट एंड गाइड मैदान में आयोजित विशाल जनसभा में एनडीए ने अपनी संगठनात्मक एकजुटता और चुनावी ताकत का भव्य प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उपमुख्यमंत्री, केंद्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व सहित सभी सहयोगी दलों के वरिष्ठ नेताओं ने मंच साझा करते हुए भाजपा प्रत्याशी को रिकॉर्ड मतों से विजयी बनाने का आह्वान किया।
सभा में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा, राष्ट्रीय लोक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा, लोजपा (रामविलास) के वरिष्ठ नेता संजय पासवान, हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अनिल कुमार सहित एनडीए के सभी घटक दलों के नेता एवं हजारों कार्यकर्ता मौजूद रहे। नेताओं ने एक स्वर में कहा कि बांकीपुर में एनडीए की जीत सुनिश्चित है और कार्यकर्ताओं को इसे ऐतिहासिक जीत में बदलना है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यहां बूथ स्तर पर काम करने वाले समर्पित कार्यकर्ता को भी नेतृत्व का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि अभिषेक कुमार सिन्हा “बंटी” इसकी मिसाल हैं। उन्होंने दावा किया कि बांकीपुर लंबे समय से भाजपा का मजबूत गढ़ रहा है और पिछले वर्षों में हुए विकास कार्यों के आधार पर जनता एक बार फिर एनडीए पर भरोसा जताएगी।
जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने कहा कि अभिषेक कुमार केवल भाजपा के नहीं, बल्कि पूरे एनडीए परिवार के साझा प्रत्याशी हैं। उन्होंने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का आशीर्वाद भी उन्हें प्राप्त है और गठबंधन के सभी सहयोगी दल पूरी ताकत के साथ उनके समर्थन में चुनाव मैदान में उतरे हैं।

राष्ट्रीय लोक मोर्चा के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने विश्वास जताते हुए कहा कि एनडीए प्रत्याशी की जीत उतनी ही निश्चित है, जितना पूर्व दिशा से सूर्य का निकलना। उन्होंने कहा कि विकास और सुशासन के मुद्दे पर जनता एक बार फिर एनडीए के पक्ष में मतदान करेगी।
लोजपा (रामविलास) के वरिष्ठ नेता संजय पासवान ने कहा कि चुनाव में चुनौती भले बड़ी न दिखे, लेकिन जीत का अंतर रिकॉर्ड होना चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक पहुंचकर प्रत्येक मतदाता से संपर्क करने और अधिकतम मतदान सुनिश्चित कराने की अपील की।
हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अनिल कुमार ने कहा कि एनडीए की सबसे बड़ी ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने सभी घटक दलों के नेताओं और कार्यकर्ताओं से समन्वय के साथ चुनाव अभियान चलाने का आह्वान करते हुए विश्वास जताया कि बांकीपुर की जनता विकास और सुशासन के पक्ष में मतदान कर अभिषेक कुमार सिन्हा को ऐतिहासिक विजय दिलाएगी।
सभा में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, मंत्री विजय कुमार सिन्हा, भाजपा प्रदेश संगठन के वरिष्ठ नेता दिलीप जायसवाल, सांसद रविशंकर प्रसाद, संजय जायसवाल, शांभवी चौधरी, जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा, विधायक संजीव चौरसिया, विधान पार्षद संजय मयूख, पटना की महापौर सीता साहू सहित एनडीए के सभी घटक दलों के प्रदेश पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। नेताओं ने कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर जनसंपर्क अभियान तेज करने और बांकीपुर में एनडीए की ऐतिहासिक जीत सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
