नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट 20 जुलाई को संसद मार्च के दौरान हुई कथित पुलिस ज्यादती के खिलाफ दायर याचिका पर सुनवाई करने को सहमत हो गया है। आज सुबह ही चीफ जस्टिस ने इस बात का खंडन किया था कि उन्होंने जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान पुलिस ज्यादती को लेकर दायर याचिका पर सुनवाई करने से इनकार कर दिया था। बाद में आज इस मामले को चीफ जस्टिस की अध्यक्षता वाली बेंच के समक्ष मेंशन करते हुए वरिष्ठ वकील गोपाल शंकरनारायणन कहा कि याचिका दायर की जा चुकी है और इस मामले में डायरी नंबर मिल चुकी है। तब कोर्ट ने इस मामले पर 27 जुलाई को सुनवाई करने का आदेश दिया।
बता दें कि कॉकरोच जनता पार्टी की ओर से पेपर लीक के आरोपों के बाद केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर जंतर-मंतर पर 20 जून से प्रदर्शन चल रहा है। इस प्रदर्शन में सोनम वांगचुक ने 28 जून से आमरण अनशन शुरु किया था। करीब 20 दिनों के अनशन के बाद उन्हें जंतर-मंतर से उठाकर सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया था।
प्रदर्शनकारियों ने 20 जुलाई को संसद मार्च किया था जिस दौरान राजधानी दिल्ली के कई स्थानों प्रदर्शनकारियों और दिल्ली पुलिस के बीच हिंसक झड़पें हुई। याचिका में कहा गया है कि प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने प्रदर्शनकरियों के साथ कई स्थानों पर ज्यादती की। दिल्ली पुलिस ने कई स्थानों पर छात्रों पर लाठीचार्ज किया और आंसूगैस छोड़े। इस मामले में कनाट प्लेस थाना, संसद मार्ग थाना और दूसरे थानों में एफआईआर दर्ज किया गया है।
