अभिनेता आमिर खान की तीसरी शादी से बिश्नोई गैंग नाराज हो गया है. सोशल मीडिया पर बिश्नोई गैंग ने धमकी देते हुए कहा है कि जो हमारी संस्कृति के खिलाफ हमारे देश में लव जिहाद के नाम पर आमिर खान जैसे लोग इसे बढ़ावा दे रहे हैं, हम इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे इसका जवाब बहुत जल्द इसको दिया जाएगा. यह चीज हमारे सनातन धर्म में और देश के खिलाफ है. धमकी में आगे कहा गया है कि हमारा हमारे भाई बहनों और देशवासियों से वादा है कि जो भी इस घटिया हरकत को बढ़ावा देगा उसको हम अपने तरीके से जवाब देंगे. यह जो स्टारडम के नाम पर इस चीज को बढ़ावा दे रहे हैं हम उनकी सांसे दबा देंगे. लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम से आरजू बिश्नोई और टायसन बिश्नोई ने सोशल मीडिया पर एक ऑडियो जारी करके यह धमकी दी है. फ्रीलांसर पोस्ट इस ऑडियो की पुष्टि नहीं करता है.
बता दें कि बीती पांच जुलाई को अभिनेता आमिर खान ने ब्यूटी प्रोफेशनल गौरी स्प्रैट से तीसरी शादी की. इससे पहले उन्होंने रीना दत्ता से पहली शादी की थी. फिर किरण राव से दूसरी शादी की अब उन्होंने गौरी स्प्रैट से तीसरी शादी की है. उन पर सवाल उठाने वाले लोगों का कहना है कि हर बार आमिर खान को हिंदू लड़की ही पसंद क्यों आती है. उन्हें अपने मुस्लिम समाज में शादी के लिए लड़कियां क्यों नहीं मिलती है. सवाल उठाने वाले लोग उन पर लव जिहाद का आरोप लगाते हैं कि हर बार वो हिंदू लड़कियों से शादी के बाद और उनसे बच्चे होने के बाद नई हिंदू लड़की से शादी कर लेते हैं.
आमिर खान की सफाई
हालांकि पिछले दिनों आमिर खान की तरफ से लव जिहाद के आरोपों पर सफाई भी आ चुकी है. उन्होंने आरोपों पर चुप्पी तोड़ते हुए कहा था कि सच तो यह है कि हमारा परिवार बहुत सोशल है, मेरी दोनों बहने हिंदुओं से विवाहित हैं, मेरी बेटी भी एक हिंदू से विवाहित है. मेरे चचेरे भाई मंसूर एक ईसाई से विवाहित हैं. आमिर खान ने कहा कि ना तो गौरी ना किरण ना ही रीना ने अपना धर्म परिवर्तन किया. क्योंकि हमारी सिविल मैरिज हुई थी. गौरी तो हिंदू भी नहीं है औक वह भी रेगुलर ईसाई धर्म का पालन करने वाली नहीं हैं.

क्यों खतरनाक है बिश्नोई गैंग?
लॉरेंस बिश्नोई गैंग की आमिर खान को धमकी चिंता का विषय हो सकती है. क्योंकि यह गैंग इंडिया का बेहद खतरनाक हाईटेक और इंटरनेशनल स्तर तक फैला हुआ संगठित आपराधिक सिंडिकेट है, जो पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और दिल्ली एनसीआर सहित कनाडा और अमेरिका में भी एक्टिव है. जेल की सलाखों से पीछे से संचालित होने वाला यह गैंग जबरन वसूली, कांट्रेक्ट किलिंग, ड्रग्स और हथियारों की तस्करी के लिए कुख्यात है. इसका नाम सिद्धू मूसेवाला, एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी जैसे हाई प्रोफाइल मर्डर केस में भी आ चुका है. बड़ी संख्या में युवा इससे प्रभावित हैं. इस गैंग का विदेशी धरती पर बैठे गोल्डी बराड़ और रोहित गोदारा जैसे गैंगस्टरों के साथ मजबूत रणनीतिक गठजोड़ भी बताया जाता है.
सलमान खान को भी दे चुका है धमकी
राजस्थान में साल 1998 के काला हिरण शिकार मामले में आरोपी रहे अभिनेता सलमान खान को भी लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने धमकी दी थी. एक कोर्ट में पेशी के दौरान लॉरेंस बिश्नोई ने सरेआम कहा था कि वह इस मामले में सलमान खान को कभी माफ नहीं करेगा और इसका बदला जरूर लगा. उसका कहना है कि काले हिरण का शिकार करके सलमान खान ने बिश्नोई समाज की भावनाओं को ठेस पहुंचाई है.
