पटना, 26 जुलाई। बांकीपुर उपचुनाव को लेकर जनता दल (यूनाइटेड) और एनडीए ने चुनाव प्रचार तेज कर दिया है। पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पटना स्थित अपने सरकारी आवास 7, सर्कुलर रोड पर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ महत्वपूर्ण बैठक कर चुनावी तैयारियों, संगठनात्मक गतिविधियों और जनसंपर्क अभियान की विस्तृत समीक्षा की। वहीं दूसरी ओर जदयू व्यावसायिक एवं उद्योग प्रकोष्ठ ने बांकीपुर में एनडीए समर्थित भाजपा प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा के समर्थन में सघन जनसंपर्क अभियान चलाते हुए एक बड़ी सभा आयोजित की।
चुनाव प्रचार और संगठन की समीक्षा
नीतीश कुमार की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में पार्टी के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद संजय झा, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, मंत्री श्रवण कुमार, अशोक चौधरी, जमा खान, सुनील कुमार, विधान परिषद में पार्टी के उपनेता ललन सर्राफ, बांकीपुर उपचुनाव के जदयू प्रभारी अरुण मांझी तथा मो. इरशाद अली आजाद सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

बैठक में नीतीश कुमार ने सभी नेताओं से क्षेत्रवार चुनाव प्रचार, बूथ स्तर पर संगठन की सक्रियता, जनसंपर्क कार्यक्रमों, मतदाताओं के रुझान और स्थानीय स्तर पर मिल रहे फीडबैक की जानकारी ली। उन्होंने चुनाव प्रचार को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने पर जोर
बैठक के दौरान नीतीश कुमार ने एनडीए समर्थित उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा के पक्ष में चल रहे चुनाव प्रचार की समीक्षा करते हुए नेताओं से बूथ स्तर तक संगठन को और मजबूत बनाने, कार्यकर्ताओं के साथ लगातार संवाद बनाए रखने तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों को आम जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने पर जोर दिया।
उन्होंने नेताओं से कहा कि चुनाव प्रचार के अंतिम चरण और मतदान के बाद ईवीएम सील होने तक पूरी सक्रियता, समर्पण और संगठनात्मक मजबूती के साथ कार्य करें तथा प्रत्येक मतदाता तक एनडीए सरकार की विकास, सुशासन, सामाजिक न्याय और जनकल्याण की नीतियों को पहुंचाएं।
नेताओं ने जीत का किया दावा
बैठक में मौजूद नेताओं ने चुनाव प्रचार और विभिन्न सामाजिक वर्गों से मिल रहे समर्थन की जानकारी साझा करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र की जनता एनडीए प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा को रिकॉर्ड मतों से विजयी बनाएगी। साथ ही आगामी दिनों में प्रचार अभियान को और व्यापक बनाने तथा समाज के सभी वर्गों तक पहुंच सुनिश्चित करने पर भी चर्चा की गई।
जदयू व्यावसायिक एवं उद्योग प्रकोष्ठ की बड़ी सभा
इधर, बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र के बैंक रोड स्थित ‘अमर-प्रेम भवन’ में जदयू व्यावसायिक एवं उद्योग प्रकोष्ठ की ओर से एनडीए समर्थित भाजपा प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा के समर्थन में एक बड़ी सभा आयोजित की गई।

सभा को भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक संजय सरावगी, जदयू व्यावसायिक एवं उद्योग प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक विशाल साह, विधायक एवं पूर्व मंत्री राणा रणधीर सिंह, जदयू प्रदेश महासचिव चंदन कुमार सिंह तथा उत्तर प्रदेश के रामपुर से विधायक आकाश सक्सेना ने संबोधित किया।
‘विकसित बिहार और आत्मनिर्भर भारत के लिए एनडीए ही विकल्प’
सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र की अपनी ऐतिहासिक राजनीतिक विरासत रही है और यहां की जनता विकास एवं सुशासन के पक्ष में मतदान करती रही है। उन्होंने दावा किया कि विकसित बिहार और आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को साकार करने के लिए एनडीए ही एकमात्र सक्षम विकल्प है।
नेताओं ने कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने तथा मतदान के दिन तक पूरी ताकत के साथ चुनाव अभियान चलाने का आह्वान किया। उन्होंने विश्वास जताया कि एनडीए समर्थित भाजपा प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में ऐतिहासिक जीत दर्ज करेंगे।
