मुंगेर। संत रविदास की 650वीं जयंती के अवसर पर अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण विभाग, बिहार सरकार के तत्वावधान में संचालित ‘समरसता संकल्प अभियान’ के तहत बुधवार को मुंगेर जिले में भव्य कलश यात्रा का शुभारंभ किया गया।
सामाजिक समरसता, जनभागीदारी और वंचित समुदायों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने के उद्देश्य से आयोजित इस अभियान के तहत जिले में 18 से 20 अगस्त तक कलश यात्रा आयोजित की जा रही है।
बुधवार को जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पणीकर एवं पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर कलश यात्रा को रवाना किया।
कलश यात्रा में सदर प्रखंड की महिला विकास मित्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। उन्होंने अभियान के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
20 अगस्त तक अनुसूचित जाति टोलों में होगी कलश यात्रा
संत शिरोमणि रविदास की 650वीं जयंती के अवसर पर समरसता संकल्प अभियान के तहत 20 अगस्त तक जिले के सभी अनुसूचित जाति टोलों में कलश यात्रा आयोजित की जानी है।
अभियान का उद्देश्य संत रविदास के समतामूलक विचारों और सामाजिक सद्भाव के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के साथ-साथ अनुसूचित जाति एवं महादलित समुदाय के लोगों को सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाना है।
27 अगस्त से लगेंगे गुरु संत रविदास विकास शिविर
अभियान के अगले चरण में 27 अगस्त 2026 से 15 फरवरी 2027 तक जिले के सभी अनुसूचित जाति टोलों में प्रत्येक गुरुवार को ‘श्री गुरु संत रविदास विकास शिविर’ आयोजित किए जाएंगे।

इन शिविरों में सरकारी योजनाओं एवं विभिन्न कल्याणकारी सेवाओं से वंचित महादलित समुदाय के लोगों से आवेदन प्राप्त किए जाएंगे। संबंधित विभागों के माध्यम से इन आवेदनों के निष्पादन की दिशा में कार्रवाई की जाएगी।
इस पहल का उद्देश्य पात्र लाभुकों को सरकारी योजनाओं का त्वरित लाभ दिलाने और उनकी समस्याओं के समाधान में सहायता करना है।
महिला विकास मित्रों ने लिया उत्साहपूर्वक हिस्सा
कलश यात्रा में राजी कुमारी, कामिनी कंचन, सुलेखा, अंजलि भारती और पूजा सहित महिला विकास मित्रों की उल्लेखनीय भागीदारी रही।
महिला विकास मित्रों ने उत्साह के साथ कार्यक्रम में शामिल होकर सामाजिक समरसता और जनकल्याण के संदेश को आगे बढ़ाया।
इस अवसर पर जिला कल्याण पदाधिकारी कुमारी रानी, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी सुकन्या, अनुमंडल कल्याण पदाधिकारी भोगेंद्र कुमार, प्रखंड कल्याण पदाधिकारी विनोद कुमार, श्रावणी गुप्ता, भाजपा जिलाध्यक्ष अरुण कुमार पोद्दार, रामलखन, सुनील, शंकर सहित दर्जनों लोग मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें:-
मुंगेर डीएम ने जनता दरबार में सुनीं आमजन की समस्याएं, 26 मामलों पर कार्रवाई के निर्देश
मुंगेर में सजी सुरों की महफिल, ‘एक शाम मोहम्मद रफ़ी के नाम’ कार्यक्रम में गूंजे सदाबहार नगमे
