5 सितंबर को गांधी मैदान से निकलेगी ‘कफन यात्रा’, 6 सितंबर से गर्दनीबाग में अनिश्चितकालीन धरने की चेतावनी
पटना, 1 सितंबर 2026। बिहार प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष राजेश राम ने राज्य की शिक्षा व्यवस्था और वित्त रहित शिक्षकों की समस्याओं को लेकर बिहार सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि सरकार की उदासीनता के कारण बिहार की शिक्षा व्यवस्था गंभीर संकट से गुजर रही है और हजारों वित्त रहित शिक्षक वर्षों से अपनी जायज मांगों के लिए संघर्ष कर रहे हैं।
सदाकत आश्रम में आयोजित प्रेस वार्ता में राजेश राम ने कहा कि 1982 में तत्कालीन मुख्यमंत्री जगन्नाथ मिश्रा के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार ने बिहार के दूर-दराज और ग्रामीण इलाकों तक शिक्षा की पहुंच सुनिश्चित करने के लिए वित्त रहित शिक्षकों और कर्मचारियों के समायोजन एवं बहाली की पहल की थी। उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को गांव और आसपास के क्षेत्रों में बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराना था।
उन्होंने कहा कि आज भी हजारों वित्त रहित शिक्षक विपरीत परिस्थितियों में शिक्षा की जिम्मेदारी निभा रहे हैं, लेकिन वर्तमान सरकार उनके योगदान और समस्याओं के प्रति उदासीन बनी हुई है।
ग्रामीण क्षेत्रों में उच्च शिक्षा का संकट
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि ग्रामीण और सुदूर क्षेत्रों में पर्याप्त कॉलेज नहीं होने के कारण गरीब, एससी, एसटी और ओबीसी वर्ग के हजारों छात्र उच्च शिक्षा से वंचित हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि इसका सबसे गंभीर असर बेटियों की शिक्षा पर पड़ रहा है।
राजेश राम ने बिहार सरकार से मांग की कि वित्त रहित शिक्षकों का शोषण तत्काल बंद किया जाए, उनकी जायज मांगों पर गंभीरता से विचार किया जाए और राज्य की शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए ठोस एवं प्रभावी कदम उठाए जाएं।
5 सितंबर को गांधी मैदान से निकलेगी ‘कफन यात्रा’
इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस सेवादल के अध्यक्ष डॉ. संजय यादव ने कहा कि वित्त रहित शिक्षा नीति की समाप्ति और सभी वित्त रहित कॉलेजों के समायोजन की मांग को लेकर कांग्रेस सेवादल की ओर से राज्यव्यापी आंदोलन चलाया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि प्रत्येक जिले में एक दिवसीय धरना 30 जून को अरवल से शुरू हुआ था। आंदोलन के अगले चरण में 5 सितंबर को पटना के गांधी मैदान से पदयात्रा निकाली जाएगी, जिसे कांग्रेस सेवादल ने ‘कफन यात्रा’ नाम दिया है। यह पदयात्रा शहीद स्थल सप्तमूर्ति विधानसभा तक जाएगी।
डॉ. संजय यादव ने कहा कि यदि 5 सितंबर तक बिहार सरकार उनकी मांगों को नहीं मानती है, तो प्रदेश कांग्रेस सेवादल 6 सितंबर से पटना के गर्दनीबाग में शिक्षकों के हित में अनिश्चितकालीन धरना शुरू करेगा।
प्रेस वार्ता में ये लोग रहे मौजूद
प्रेस वार्ता में कांग्रेस सेवादल के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. संजय यादव, बिहार सेवादल के प्रभारी अफरोज खान, पटना जोनल अध्यक्ष अहमद राजा खान, कोषाध्यक्ष आशुतोष रंजन, महिला अध्यक्ष रुचि सिंह और विपिन झा मौजूद रहे।
इसके अलावा बिहार प्रदेश इंटरमीडिएट वित्त रहित संघर्ष मोर्चा की अध्यक्ष सुमित्रा यादव, उपाध्यक्ष अखिलेश्वर सिंह, पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय शिक्षक संघ (फैक्टनेव) के अध्यक्ष प्रोफेसर डॉ. रामनरेश प्रसाद, बिहार राज्य संबद्ध शिक्षक संगठन/बिहार विश्वविद्यालय मुजफ्फरपुर के अध्यक्ष रण विजय कुमार सिंह, रामसुंदर दास महिला कॉलेज के प्राचार्य प्रो. संजय सिंह और जलान कॉलेज के प्रो. मोहम्मद असलम भी उपस्थित थे।
ये भी पढ़ें:-
PK की शपथ से आगे की कहानी: BJP का गढ़ टूटा, RJD पिछड़ी, तेजस्वी के सामने खड़ी हुई नई चुनौती
आंदोलनरत युवाओं को ‘दिमागी नक्सल’ कहना देश के लिए खतरनाक संकेत : ए. विजय राघवन
