पटना। भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) यानी CPI(M) की दो दिवसीय राज्य कमेटी की बैठक महत्वपूर्ण संगठनात्मक और आंदोलनात्मक फैसलों के साथ संपन्न हो गई। बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय कमेटी सदस्य अवधेश कुमार ने की। बैठक में पार्टी के केंद्रीय कमेटी के दो सदस्य और बिहार प्रभारी ए. विजय राघवन तथा अशोक ढावले भी मौजूद रहे।
बैठक के दौरान पार्टी नेताओं ने केंद्रीय स्तर पर लिए गए फैसलों और आगामी राजनीतिक-संगठनात्मक कार्यक्रमों पर चर्चा की। समापन भाषण में ए. विजय राघवन ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि छात्र-नौजवानों के संघर्ष के बाद 15 अगस्त को लाल किले की प्राचीर से संघर्षरत युवाओं को ‘दिमागी नक्सल’ कहना और ‘नागरिक सेफ गार्ड’ के निर्माण की घोषणा देश के लिए खतरनाक संकेत है।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा देश में फासीवाद की दिशा में बढ़ना चाहती है, लेकिन इसे कभी सफल नहीं होने दिया जाएगा।
पीएचडी और रिसर्च स्कॉलर्स के आंदोलन का समर्थन
बैठक में राज्य सचिव ललन चौधरी ने पिछले तीन महीनों की राजनीतिक-संगठनात्मक रिपोर्ट पेश की। चर्चा के बाद रिपोर्ट को सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया।
ललन चौधरी ने ऑल इंडिया पीएचडी होल्डर और रिसर्च स्कॉलर एसोसिएशन की ओर से चलाए जा रहे आंदोलन का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि आंदोलनकारियों की मांगें लोकतांत्रिक हैं और उनके प्रति सरकार का रवैया निंदनीय है।
बैठक में सरकार से पीएचडी धारकों और रिसर्च स्कॉलर्स की मांगों को तत्काल स्वीकार कर आंदोलन समाप्त कराने की मांग की गई। इस प्रस्ताव को भी सर्वसम्मति से पारित किया गया।
जिला मुख्यालयों पर धरना-प्रदर्शन का आह्वान
बैठक में लोकतांत्रिक अधिकारों के सवाल पर सभी जिला मुख्यालयों पर धरना-प्रदर्शन आयोजित करने का आह्वान किया गया। पार्टी ने शाखा स्तर से लेकर राज्य कमेटी तक संगठन और जनसंगठनों को और अधिक सक्रिय बनाने का फैसला लिया।
संगठनात्मक गतिविधियों को मजबूत करने पर जोर
बैठक में पार्टी के आगामी कार्यक्रमों और संगठन को मजबूत करने से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों पर भी चर्चा हुई। पार्टी नेताओं ने जन मुद्दों और लोकतांत्रिक अधिकारों से जुड़े सवालों पर आंदोलन को और व्यापक बनाने पर जोर दिया।
बैठक के अंत में ए. विजय राघवन ने समापन भाषण दिया। बैठक में अजय कुमार विधायक, विनोद कुमार, रामपरी, संजय कुमार, राजेंद्र सिंह, प्रभुराज नारायण राव, अहमद अली, श्याम भारती, मनोज कुमार चंद्रवंशी, भोला दिवाकर, रणधीर यादव, शशिकांत राय और अनुपम कुमार समेत अन्य नेताओं ने विभिन्न एजेंडों और प्रस्तावों पर चर्चा में सहयोग किया।
ये भी पढ़ें:-
बिहार के किसानों के लिए नई राह: मिलेट्स से ऑयल पाम तक, तेलंगाना और ICRISAT से क्या सीख रहा बिहार?
बिहार की स्टेट प्लेयर नूतन सिंह का UP Warriorz के WPL ट्रायल के लिए चयन
