राज्य में गुणवत्तापूर्ण स्कूली शिक्षा के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए राज्य सरकार ने पांच नए केंद्रीय विद्यालयों की स्थापना का मार्ग प्रशस्त कर दिया है। बुधवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित राज्य मंत्रिपरिषद की बैठक में प्रत्येक विद्यालय के लिए पांच-पांच एकड़ सरकारी भूमि उपलब्ध कराने के प्रस्ताव को मंजूरी प्रदान की गई।
इन नए केंद्रीय विद्यालयों की स्थापना पूर्णिया, राजगीर (नालंदा), शेखपुरा, मधेपुरा और मधुबनी में की जाएगी। भूमि आवंटन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद विद्यालय की स्थापना की दिशा में आगे की कार्रवाई होगी।
शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने बताया कि ये विद्यालय पूर्वी पूर्णिया के मधुबनी, राजगीर के पिलखुआ, शेखपुरा के नीमी, मधेपुरा के साहूगढ़ तथा मधुबनी जिले के राजनगर प्रखंड स्थित सतिहारपुर में खोले जाएंगे।

शिक्षा मंत्री ने इस अहम निर्णय के लिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार शिक्षा के क्षेत्र में आधारभूत संरचना को मजबूत करने तथा विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि इन केंद्रीय विद्यालयों के शुरू होने से उत्तर बिहार के साथ-साथ दक्षिण बिहार के हजारों विद्यार्थियों को भी आधुनिक शैक्षणिक सुविधाओं, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा तथा प्रतिस्पर्धी माहौल का लाभ मिलेगा। इसके अलावा स्थानीय स्तर पर उत्कृष्ट शिक्षा संस्थानों की उपलब्धता बढ़ने से छात्रों और अभिभावकों को काफी सुविधा होगी।
