पुणे के रियल एस्टेट कारोबारी के बेटे केतन अग्रवाल की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है. पुलिस का कहना है कि लोहागढ़ फोर्ट से केतन के गिरने के बाद जैसे ही पता चला कि केतन अभी जिंदा है, यह सुनकर हत्या की आरोपी मंगेतर सिया गोएल के हाव भाव ही बदल गए. यही नहीं, जब रेस्क्यू टीम केतन के पास खाई में पहुंची तो उसका सिर कुचला हुआ था और उसके शरीर में चोट के कई निशान थे. इस वक्त पूरे देश में इस मर्डर केस की खूब चर्चा है, क्योंकि इसमें एक मंगेतर पर अपने ही होने ही सुहाग को शादी से पहले जान से मारने का आरोप है. कुछ दिनों पहले भी ऐसे कई केस सामने आने की वजह से लोग ऐसी घटनाओं के बढ़ने से हैरान हैं. आखिर एक गर्लफ्रैंड या फिर पत्नी कैसे अपने पति के भरोसे का कत्ल कर सकती है. इस मामले में यही सवाल उठता है कि सिया ने केतन के भरोसे का कत्ल क्यों किया. इससे पहले सोनम ने शिलॉन्ग में राजा ऱघुवंशी की हत्या की थी. मेरठ में नीले ड्रम वाले सौरव राजपूत मर्डर केस में ऐसे ही सवाल उठे थे.
सिया पर कैसे गहराया शक?
घटना की खबर मिलते ही केतन अग्रवाल के परिजन मौके पर पहुंचे. रेस्क्यू टीम की मदद से केतन अग्रवाल को खाई से निकाला गया. केतन के पिता विशाल अग्रवाल के मुताबिक जैसे ही रेस्क्यू टीम ने कहा कि लड़का अभी जिंदा है. इतना सुनते ही सिया के चेहरे की रंगत ही बदल गई. विशाल अग्रवाल का कहना है कि इस वक्त सिया का रोना बनावटी लग रहा था. इस वजह से हमें उस पर शक हुआ. इसके बाद केतन की बहन ने सिया से हादसे के बारे में कई सवाल किए. लेकिन सिया ने किसी सवाल का जवाब नहीं दिया. इस वजह से सिया पर केतन के परिवार का शक गहराता गया. केतन के परिवार ने अपना शक पुणे पुलिस से जताया और उससे सिया के फोन कॉल डिटेल खंगालने की मांग की
पुलिस ने जब फोन कॉल डिटेल की जांच की तो उन्होंने पाया कि सिया के फोन से एक नंबर पर (जनवरी से 18 जून के बीच) 2004 कॉल हुई. यानी इस नंबर पर 338 घंटे बातचीत हुई. इसके अलावा जब पुलिस ने लोहागढ़ फोर्ट की सीसीटीवी फुटेज खंगाली तो उन्होंने पाया कि इतनी गर्मी के बाद भी एक हुडी पहने हुए शख्स बार-बार केतन और सिया के आस-पास दिख रहा था.
पहले भी हुई मारने की कोशिश?
केतन अग्रवाल के परिवार का कहना है कि 14 जून को भी केतन और सिया लोहागढ़ फोर्ट गए थे. उस दिन सांप होने की बात कह कर केतन को धक्का दिया गया था. लेकिन उस दिन केतन बच गया था. लेकिन इसे सामान्य घटना मान कर सभी ने इग्नोर कर दिया. लेकिन केतन की मौत के बाद जब पुरानी बातों को याद किया गया तो परिवार के लोगों को समझ आया कि केतन को पहले भी मारने की कोशिश की गई थी.
घटना के दिन क्या हुआ था?
दरअसल 18 जून को केतन और सिया लोहागढ़ फोर्ट घूमने गए थे. इस दौरान फोर्ट से खाई में फिसल कर गिरने से केतन अग्रवाल की मौत हो गई. अगले दिन इंस्टाग्राम पर सिया ने लिखा कि – केतन तुम मुझे मेरे जन्मदिन पर अकेला छोड़ गए. वापस आ जाओ. आरोप है कि केतन की मंगेतर सिया ने अपने ब्वॉयफ्रैंड चेतन चौधरी के साथ मिलकर केतन को खाई में धक्का दे दिया था.
केतन से शादी नहीं करना चाहती थी सिया
पुलिस की जांच में ये सामने आया है कि सिया केतन से शादी नहीं करना चाहती थी. सिया का उसके ब्वॉयफ्रैंड के साथ अफेयर था. साथ ही साथ सिया को केतन का हेयर विग लगाना और उसके हकलाने की आदत पसंद नहीं थी. इस वजह से वो केतन के साथ शादी नहीं करना चाहती थी. सिया ने पूछताछ में बताया कि उसने केतन को बताया था कि वो उससे शादी नहीं करना चाहती है, लेकिन केतन इस बात के लिए राजी नहीं था. उसका कहना था कि अब सगाई होने के बाद ऐसा करना ठीक नहीं है. इसके लिए अब देर हो चुकी है. इस मामले में केतन के परिजनों का कहना है कि केतन का हेयर विग पहनने और हकलाने की बात छिपी नहीं थी. यह बात सिया के परिजन अच्छी तरह से जानते थे.
शादी नहीं करनी थी, तो जान से क्यों मारा?
केतन अग्रवाल मर्डर केस में सबसे ज्यादा यही पूछा जा रहा है कि अगर सिया को केतन पसंद नहीं था और वो उससे शादी नहीं करना चाहती थी. तो फिर उसे जान से मारने की जरूरत क्या थी. हालांकि इस केस में ये सामने आया है कि सिया ने जब केतन को शादी नहीं करने की बात कही और फिर केतन ने सगाई तोड़ने से इनकार किया तो सिया और चेतन भागकर शादी करने की सोच रहे थे. लेकिन समाज के डर से सिया पीछे हट गई. लेकिन उसने इसके बाद केतन को रास्ते से हटाने का रास्ता चुना. ऐसे मामलों में अक्सर देखा जाता है कि कातिल को सोशल रिजेक्शन का डर होता है कि शादी से इनकार करने पर समाज क्या कहेगा. इस डर से या तो वो उस रिश्ते को कड़वाहट के साथ स्वीकार कर लेता है. या फिर कोई गलत कदम उठा लेता है. साथ ही साथ उसे कहीं ना कहीं इस बाद का आत्मविश्वास होता है कि ऐसा करके वो बच निकलेगा.
‘सिया दोषी तो उसे भी उसी जगह से धक्का दे दो’
इस घटना से सिया के परिजन भी हैरान है. सिया की मां पूजा का कहना है कि अगर जांच में मेरी बेटी सिया दोषी पाई जाती है तो उसे भी उसी जगह से धक्का दे दो. उनका कहना है कि सिया इस शादी से खुश थी. उसने ही केतन से शादी करने की बात कही थी. फिलहाल मंगेतर सिया और उसके ब्वॉयफ्रैंड चेतन चौधरी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. जिसमें चेतन और सिया एक दूसरे को मास्टरमाइंड बता रहे हैं. पुलिस का कहना है कि ये दोनों की स्ट्रेटडी हो सकती है.
