मुंगेर | FreelancerPost News
मुंगेर जिले के जमालपुर में बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर कालिख पोतकर सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान और मानवीय सूचना (ह्यूमन इंटेलिजेंस) के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
मुंगेर के एसडीपीओ अभिषेक आनंद ने गुरुवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान आनंद कुमार के रूप में हुई है। उसे गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजने के लिए न्यायालय में अग्रसारित किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि 28 जुलाई की सुबह करीब 7 बजे जमालपुर थाना अध्यक्ष को सूचना मिली थी कि कुछ असामाजिक तत्वों ने जमालपुर वर्कशॉप के गेट नंबर-6 के समीप स्थापित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर काला रंग पोत दिया है। इस घटना का उद्देश्य लोगों की धार्मिक एवं सामाजिक भावनाओं को आहत करना और क्षेत्र में तनाव पैदा करना प्रतीत होता है।
सूचना मिलते ही जमालपुर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। जांच में प्रतिमा पर काला रंग पोता हुआ पाया गया। इसके बाद थाना अध्यक्ष ने वरीय अधिकारियों को मामले की जानकारी दी और अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और मानवीय आसूचना के आधार पर आरोपी आनंद कुमार की संलिप्तता का पता लगाया। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
एसडीपीओ अभिषेक आनंद ने कहा कि जिले में कानून-व्यवस्था बिगाड़ने या सामाजिक सौहार्द को नुकसान पहुंचाने की कोशिश करने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि यदि उनके आसपास कोई असामाजिक गतिविधि या संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दे तो इसकी सूचना तत्काल जिला नियंत्रण कक्ष के मोबाइल नंबर 9031828096 या 9031828099 पर दें।
उन्होंने लोगों से यह भी आग्रह किया कि किसी भी प्रकार की भ्रामक, अफवाहपूर्ण या अपुष्ट खबरों पर विश्वास न करें और सोशल मीडिया पर ऐसी सामग्री साझा करने से बचें।
ये भी पढ़ें :-
आमिर खान को बिश्नोई गैंग की धमकी, तीसरी शादी को बताया लव जिहाद
मेघालय हनीमून मर्डर केस: सुप्रीम कोर्ट ने सोनम रघुवंशी की जमानत रद्द की, 3 हफ्ते में सरेंडर का आदेश
