हरियाणवी लोक संस्कृति के रंगों से सराबोर हुआ सांस्कृतिक केंद्र का प्रेक्षागृह, दूसरे दिन ‘द्रौपदी गाथा’ नाटक का होगा मंचन
प्रयागराज। शिव स्तुति की गूंज, हरियाणवी लोकगीतों की मिठास और घूमर-धमाल की थिरकन…और त्रिवेणी कला उत्सव। सोमवार को सांस्कृतिक केंद्र का प्रेक्षागृह हरियाणवी लोक संस्कृति के रंगों से सराबोर नजर आया। मौका था उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र, संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार (NCZCC) एवं हरियाणा कला परिषद के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय त्रिवेणी कला उत्सव के शुभारंभ का। कलाकारों की शानदार प्रस्तुतियों ने दर्शकों को देर तक बांधे रखा और पूरा प्रेक्षागृह तालियों से गूंजता रहा।
शिव स्तुति से हुई कार्यक्रम की शुरुआत
कार्यक्रम की शुरुआत पुनीत राठा ने शिव स्तुति ‘तू राजा की राजदुलाली, मैं सिर्फ लंगोटे आला’ की प्रस्तुति से की। उनकी प्रस्तुति ने पूरे प्रेक्षागृह को शिवमय कर दिया। इसके बाद प्रकाश मलिक एवं साथी कलाकारों ने ‘मैं नई नवेली आई, फागुन में ब्याह ली’ लोकगीत पर घूमर नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति दी। कलाकारों की थिरकन और हरियाणवी लोक रंगों ने दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया।

‘छोरा मैं हरियाणे का’ पर धमाल
इसके बाद प्रवीण शर्मा, संदीप, मोहित और आर्यन ने ‘छोरा मैं हरियाणे का’ गीत पर धमाल नृत्य प्रस्तुत किया। वहीं प्रियंका, कोमल, रामभतेरी, नेहा एवं रितु ने हरियाणवी लोकगीतों पर समूह नृत्य की शानदार प्रस्तुति देकर दर्शकों की खूब वाहवाही बटोरी।
कलाकारों ने ‘के सपने का जिक्र करूं, एक हूर लीकड़ गई जड़ से’, ‘मेरे पाक्षण-पाक्षण आवण का भला कौन सा मतलब तेरा सै है’ और ‘बालम मेरा बांका चिट्टा छैल’ जैसे लोकगीतों पर नृत्य प्रस्तुत कर लोक संस्कृति की जीवंत छटा बिखेरी। देशभक्ति से ओतप्रोत रागिनी लोकगीत गायन की प्रस्तुति कलाकारों ने देकर दर्शकों में उत्साह और देशप्रेम का भाव भर दिया। कार्यक्रम का संचालन आकाश अग्रवाल ने किया।

स्वच्छता थीम पर पोस्टर और स्लोगन प्रतियोगिता
वही स्वच्छता पखवाड़ा के अंतर्गत स्पेशल कैंपेन 6 के तहत सोमवार को केंद्र परिसर स्थित महात्मा गांधी कला वीथिका में स्वच्छता थीम पर पोस्टर व स्लोगन प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में स्कूल और कॉलेज के करीब 12 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
‘द्रौपदी गाथा’ का होगा मंचन
दूसरे दिन होगा ‘द्रौपदी गाथा’ का मंचन
त्रिवेणी कला उत्सव के दूसरे दिन मंगलवार को ‘द्रौपदी गाथा’ नाटक का मंचन किया जाएगा। नाटक के माध्यम से महाभारत की महत्वपूर्ण पात्र द्रौपदी की कथा और उसके जीवन के विभिन्न पक्षों को मंच पर प्रस्तुत किया जाएगा।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि राकेश कुमार सेंगर, सचिव, प्रो. रज्जू भैय्या न्यास संघ प्रांत, प्रयागराज, महेश जोशी, उपाध्यक्ष, हरियाणा कला परिषद, हरियाणा, केंद्र निदेशक सुदेश शर्मा, उपनिदेशक डा. मुकेश उपाध्याय एवं सलाहकार कल्पना सहाय ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
ये भी पढ़ें:-
प्रयागराज में राष्ट्रीय वैज्ञानिक संगोष्ठी का आयोजन, “जीवन और विज्ञान की हिन्दी” विषय पर विमर्श
प्रयागराज के NCZCC में हिंदी पखवाड़े में युवा कवियों ने कविता से जगाई राष्ट्रभावना
