बिहार विधान सभा के स्पीकर डॉ. प्रेम कुमार ने सोमवार को अपने कार्यालय कक्ष में 11 एवं 12 जुलाई 2026 को गया स्थित बिहार लोक प्रशासन एवं ग्रामीण विकास संस्थान (बिपार्ड) में आयोजित होने वाले अष्टादश बिहार विधान सभा के नव निर्वाचित सदस्यों के दो दिवसीय प्रबोधन (ओरिएंटेशन) कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। इस बैठक में उप मुख्यमंत्री विजय चौधरी, बिहार सरकार के वरिष्ठ अधिकारी तथा बिहार विधान सभा सचिवालय के पदाधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान कार्यक्रम की तैयारियों के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई और सभी व्यवस्थाओं को समयबद्ध एवं सुचारु रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
तीन संस्थाओं के संयुक्त तत्वावधान में होगा आयोजन
बैठक में बताया गया कि यह दो दिवसीय प्रबोधन कार्यक्रम बिहार विधान सभा सचिवालय, प्राइड (लोक सभा) तथा बिपार्ड (बिहार सरकार) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम का उद्देश्य नव निर्वाचित विधायकों को संसदीय परंपराओं, विधायी प्रक्रियाओं, सदन के संचालन, प्रश्नकाल, समितियों की कार्यप्रणाली तथा जनप्रतिनिधि के रूप में उनकी जिम्मेदारियों से परिचित कराना है।
कई प्रमुख हस्तियां होंगी शामिल
इस कार्यक्रम में कई वरिष्ठ संवैधानिक और राजनीतिक हस्तियों की उपस्थिति प्रस्तावित है। जिनमें लोकसभा अध्यक्ष, ओम बिरला, राज्यसभा के उपसभापति, हरिवंश, मुख्यमंत्री, सम्राट चौधरी, उप मुख्यमंत्री, विजय चौधरी, उप मुख्यमंत्री, बिजेन्द्र प्रसाद यादव, बिहार विधान सभा अध्यक्ष, डॉ. प्रेम कुमार, बिहार विधान परिषद के सभापति, अवधेश नारायण सिंह समेत दूसरे गणमान्य अतिथि शामिल होंगे।
लोकसभा की संस्था ‘प्राइड’ देगी प्रशिक्षण
कार्यक्रम के दौरान लोकसभा की संस्था प्राइड के प्रशिक्षक विभिन्न तकनीकी एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण सत्रों के माध्यम से नव निर्वाचित विधायकों को विधायी कार्यों के विविध आयामों की जानकारी देंगे। प्रशिक्षण का उद्देश्य जनप्रतिनिधियों को प्रभावी संसदीय कार्यप्रणाली के लिए सक्षम बनाना है।

अध्यक्ष ने व्यवस्थाओं को लेकर दिए स्पष्ट निर्देश
बैठक के दौरान विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने अधिकारियों को प्रतिभागियों एवं रिसोर्स पर्सन के आवास, प्रोटोकॉल, सुरक्षा व्यवस्था, भोजन, वाहन पार्किंग, परिवहन, मीडिया कवरेज तथा दूसरे सभी जरूरी व्यवस्थाओं को समय पर सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें ताकि प्रतिभागियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
सरकार हर स्तर पर करेगी सहयोग : विजय चौधरी
वहीं बैठक में उप-मुख्यमंत्री विजय चौधरी ने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए हर संभव सहयोग प्रदान करेगी। वहीं, बिपार्ड के महानिदेशक बी. राजेंद्र ने अध्यक्ष को भरोसा दिलाया कि बिहार विधान सभा सचिवालय के साथ समन्वय स्थापित कर सभी तैयारियां निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी कर ली जाएंगी।
बैठक में ये अधिकारी रहे उपस्थित
बैठक में बिपार्ड के महानिदेशक बी. राजेंद्र, अपर पुलिस महानिदेशक (विधि-व्यवस्था) के. सुहिता अनुपम, मगध प्रमंडल की आयुक्त डॉ. सफीना ए.एन., पुलिस महानिरीक्षक विकास वैभव, गया के जिलाधिकारी शशांक शुभंकर, बिहार विधान सभा सचिवालय की प्रभारी सचिव सहित राज्य सरकार एवं विधानसभा सचिवालय के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
