बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को पाटलिपुत्र जंक्शन से सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के तहत 1,150 श्रद्धालुओं के विशेष रेल जत्थे को हरी झंडी दिखाकर गुजरात स्थित भगवान सोमनाथ धाम के लिए रवाना किया। इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं से मुलाकात कर यात्रा की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और उनकी मंगलमय यात्रा की कामना की।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन, डमरू वादन और शंखनाद के साथ हुआ। मुख्यमंत्री ने बिहार की ओर से श्रद्धालु श्रीमती शोभा सिंह को कलश तथा श्री अजीत कुमार को ध्वज सौंपा। उन्होंने कहा कि यह ध्वज और कलश बिहार की आस्था, स्वाभिमान और सांस्कृतिक समृद्धि के प्रतीक हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पूरे बिहार से 1,150 श्रद्धालु इस पवित्र यात्रा में शामिल हो रहे हैं। यह विशेष ट्रेन कई राज्यों से होकर सोमनाथ पहुंचेगी और यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सभी आवश्यक सुविधाओं का ध्यान रखा गया है।
उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील करते हुए कहा कि वे जहां-जहां जाएं, वहां बिहार की संस्कृति, सनातन परंपरा और स्वाभिमान का संदेश भी लेकर जाएं।
सोमनाथ और बिहार के गौरव का किया उल्लेख
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि भगवान सोमनाथ के आशीर्वाद से गुजरात और पूरा देश लगातार विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि भगवान सोमनाथ की कृपा से बिहार भी विकास, समृद्धि और सांस्कृतिक पुनर्जागरण की नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगा।
उन्होंने श्रद्धालुओं से आग्रह किया कि सोमनाथ दर्शन के साथ-साथ काशी विश्वनाथ के भी दर्शन करें और बिहार की सुख-शांति, समृद्धि तथा सर्वांगीण विकास के लिए प्रार्थना करें।

इतिहास की भी दिलाई याद
मुख्यमंत्री ने कहा कि लगभग एक हजार वर्ष पहले सोमनाथ मंदिर पर आक्रमण कर उसे लूटा गया था। इसी तरह नालंदा विश्वविद्यालय भी आक्रांताओं के हमले का शिकार हुआ था। उन्होंने कहा कि करीब 75 वर्ष पहले सोमनाथ मंदिर का पुनर्निर्माण हुआ, जिसमें भारत के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रयासों से नालंदा विश्वविद्यालय का पुनर्स्थापन हुआ है। यह यात्रा केवल धार्मिक नहीं बल्कि बिहार की सांस्कृतिक विरासत और आध्यात्मिक चेतना का संदेश पूरे देश तक पहुंचाने का माध्यम भी है।
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, कला एवं संस्कृति मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव, विधायक संजीव चौरसिया, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह, कला एवं संस्कृति विभाग के सचिव प्रणव कुमार सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और श्रद्धालु मौजूद रहे।
