बिहार की छात्राओं को आत्मरक्षा के क्षेत्र में सशक्त बनाने की दिशा में एक नई पहल की संभावना बनी है। कर्नाटक की मूल निवासी, भोजपुरी फिल्मों की अभिनेत्री और पूर्व शिक्षिका पाखी हेगड़े ने बुधवार को बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी से मुलाकात कर छात्राओं को विन चुंग (Wing Chun) आत्मरक्षा कला का प्रशिक्षण देने की इच्छा जताई।
मुलाकात के दौरान पाखी हेगड़े ने कहा कि आत्मरक्षा का प्रशिक्षण बेटियों में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें शारीरिक और मानसिक रूप से भी मजबूत बनाता है। उन्होंने बिहार की छात्राओं के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित करने का प्रस्ताव रखा।
शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने इस पहल का स्वागत करते हुए पाखी हेगड़े से विस्तृत कार्ययोजना और औपचारिक प्रस्ताव उपलब्ध कराने को कहा। उन्होंने कहा कि बिहार सरकार बेटियों की शिक्षा के साथ-साथ उनके व्यक्तित्व विकास, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता को भी प्राथमिकता दे रही है।

उन्होंने कहा कि आज बेटियां शिक्षा, खेल, विज्ञान, प्रशासन और उद्यमिता सहित हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं। ऐसे में आत्मरक्षा का प्रशिक्षण उन्हें और अधिक आत्मविश्वासी एवं सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
बैठक के दौरान बालिका शिक्षा, महिला सशक्तीकरण और छात्राओं के सर्वांगीण विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी सकारात्मक चर्चा हुई।
