बिजेंद्र प्रसाद यादव बोल-एक-एक वोट के लिए करें मेहनत; निशांत ने 2005 से पहले और आज के बिहार की स्थिति याद रखने की अपील की
पटना, 15 अक्टूबर। बिहार विधान परिषद के पटना ( MLC चुनाव) स्नातक एवं पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के चुनाव में NDA प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित करने के लिए गुरुवार को बाढ़ और पटना स्थित जदयू प्रदेश कार्यालय के कर्पूरी सभागार में चुनावी सभाएं आयोजित की गईं। सभाओं में पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से NDA प्रत्याशी नीरज कुमार और पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से प्रत्याशी नवल किशोर यादव के समर्थन में मतदाताओं से प्रथम वरीयता का मत देने की अपील की गई।
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव, स्वास्थ्य मंत्री निशांत, जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा, मंत्री लेसी सिंह, दामोदर रावत, संजय सिंह, श्रेयसी सिंह, दीपक प्रकाश और संजय पासवान सहित NDA के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
एक-एक वोट के लिए मेहनत करने की अपील
उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव ने कहा कि कार्यकर्ताओं को पूरी मुस्तैदी के साथ एक-एक वोट के लिए मेहनत करनी चाहिए, ताकि नीरज कुमार को विजयी बनाया जा सके। उन्होंने मतदाताओं से वर्ष 2005 से पहले बिहार में स्नातक मतदाताओं की संख्या और वर्तमान स्थिति के बीच अंतर पर गौर करने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह बदलाव किसके शासनकाल में हुआ, इस पर भी विचार करना चाहिए।
बिजेंद्र प्रसाद यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में हर पंचायत में प्लस टू विद्यालय स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण काम हुआ है। उन्होंने बिहार की उन्नति, समाज की प्रगति, शिक्षा के प्रसार और रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए नीरज कुमार के पक्ष में मतदान करने की अपील की।

2005 से पहले और आज के बिहार को याद करें: निशांत
स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने मतदाताओं से अपील की कि 23 अक्टूबर को मतदान करते समय वर्ष 2005 से पहले के बिहार और आज के बिहार की स्थिति को जरूर याद करें। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को भी उस दौर की परिस्थितियों से अवगत कराना चाहिए।
निशांत के मुताबिक, वर्ष 2005 में नीतीश कुमार के नेतृत्व में सरकार बनने के बाद सुशासन और विकास को प्राथमिकता दी गई। शिक्षा के विस्तार से लेकर रोजगार सृजन तक कई महत्वपूर्ण कार्य किए गए। उन्होंने नीरज कुमार को पार्टी का समर्पित साथी बताते हुए कहा कि उन्हें नीतीश कुमार का विशेष स्नेह मिलता रहा है।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सहयोग और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में आगे बढ़ रही विकास यात्रा का समर्थन करने के लिए NDA प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान की अपील की।
‘न्याय के साथ विकास’ को मजबूती देने का अवसर: उमेश कुशवाहा
जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि नीतीश कुमार ने अपने 20 वर्षों के शासन में बिहार को आगे बढ़ाने और ‘न्याय के साथ विकास’ की यात्रा को मजबूत करने का काम किया है। उन्होंने कहा कि मतदाता वर्ष 2005 से पहले और आज के बिहार के बीच के अंतर को समझते हैं।
उमेश कुशवाहा ने मतदाताओं से नीरज कुमार और नवल किशोर यादव के पक्ष में मतदान करने तथा NDA के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह चुनाव ‘न्याय के साथ विकास’ और ‘सबका साथ, सबका विकास’ की धारा को और मजबूती देने का अवसर है।
NDA नेताओं ने एकजुट होकर प्रचार करने का आह्वान किया

NDA के प्रदेश अध्यक्ष अनिल कुमार ने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार के हर क्षेत्र में विकास कार्य हुए हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि नीरज कुमार पिछले चुनाव की तुलना में अधिक मतों से जीत हासिल करेंगे।
मंत्री लेसी सिंह ने कहा कि NDA सरकार ने विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं को लोगों तक पहुंचाने का काम किया है। उन्होंने मतदाताओं से दोनों प्रत्याशियों के समर्थन में मतदान करने की अपील की।
मंत्री श्रेयसी सिंह ने कहा कि प्रत्येक मत विकसित और समृद्ध बिहार की परिकल्पना को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से मतदाताओं के बीच पहुंचकर दोनों प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित करने के लिए सक्रियता से काम करने को कहा।
मंत्री संजय सिंह ने कहा कि NDA की जीत सुनिश्चित करना सभी कार्यकर्ताओं की प्राथमिकता है। उन्होंने लोकसभा और विधानसभा चुनावों की तरह एकजुटता बनाए रखने, आपसी समन्वय से काम करने और किसी भी तरह के भ्रम से बचने की अपील की।
मंत्री दीपक प्रकाश ने कहा कि NDA के सभी कार्यकर्ता नीरज कुमार और नवल किशोर यादव के साथ मजबूती से खड़े हैं। उन्होंने दावा किया कि मतदाता NDA सरकार के कार्यों से परिचित हैं।
सभाओं में नेताओं ने 23 अक्टूबर को होने वाले मतदान में पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से नीरज कुमार और पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से नवल किशोर यादव को प्रथम वरीयता का मत देकर विजयी बनाने की अपील की।
कार्यक्रम में मंत्री, विधान पार्षद, पार्टी पदाधिकारी और NDA के कई नेता उपस्थित रहे।
ये भी पढ़ें:-
बिहार में 4000 अरवा राइस मिलें बंद, 153 लाख टन धान में से सिर्फ 35 लाख टन खरीदने पर सवाल
जमुई से PK का बड़ा सियासी हमला: सम्राट चौधरी को घेरा, NDA उम्मीदवारों को हराने की अपील
