मुंगेर। हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा (से.) की ‘गरीब चौपाल यात्रा’ के तहत मुंगेर के टाउन हॉल परिसर में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हम (से.) के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह बिहार सरकार के लघु जल संसाधन मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन, राष्ट्रीय सचिव निलेश कुमार सिंह, बिहार राज्य महादलित आयोग के सदस्य मुकेश मांझी, मुंगेर जिला अध्यक्ष परमानंद मांझी समेत पार्टी के विधायक, पदाधिकारी और वरिष्ठ नेता शामिल हुए।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और स्थानीय नागरिकों ने हिस्सा लिया।
‘गरीब चौपाल यात्रा’ का उद्देश्य लोगों की समस्याएं सुनना
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. संतोष कुमार सुमन ने कहा कि मुंगेर में कार्यक्रम को बेहतर ढंग से आयोजित कराने के लिए मुंगेर जिला अध्यक्ष परमानंद मांझी धन्यवाद के पात्र हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र केवल चुनाव जीतने का माध्यम नहीं, बल्कि जनता के सुख-दुख में सहभागी बनने की निरंतर प्रक्रिया है।
उन्होंने कहा कि ‘गरीब चौपाल यात्रा’ का उद्देश्य गांव-गांव जाकर आम लोगों की समस्याओं को सुनना, उनकी वास्तविक जरूरतों को समझना और उनके समाधान के लिए सरकार तथा प्रशासन के बीच प्रभावी समन्वय स्थापित करना है।
‘हमारी राजनीति का केंद्र सत्ता नहीं, समाज का अंतिम व्यक्ति’
डॉ. सुमन ने कहा कि सरकार की सफलता का आकलन सरकारी रिपोर्टों से नहीं, बल्कि इस बात से होना चाहिए कि गरीब, किसान, मजदूर, महिला, युवा, दलित, महादलित, पिछड़े और वंचित वर्ग के लोगों के जीवन में कितना सकारात्मक परिवर्तन आया है।
उन्होंने कहा, “हमारी राजनीति का केंद्र सत्ता नहीं, बल्कि समाज का अंतिम व्यक्ति है।”
उन्होंने कहा कि हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा (से.) जनसेवा की राजनीति में विश्वास रखता है। जनता की समस्याओं का समाधान केवल घोषणाओं से नहीं होगा, बल्कि जनप्रतिनिधियों की जवाबदेही, प्रशासन की संवेदनशीलता और लगातार निगरानी से सुनिश्चित होगा।

‘आपके बीच से ही लोग विधायक और बड़े नेता बनेंगे’
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए डॉ. संतोष कुमार सुमन ने कहा कि पार्टी की पहचान जनता से है और सभी को एकजुट रहना चाहिए।
उन्होंने कहा, “आने वाले समय में आपके बीच से ही लोग विधायक, विधान परिषद सदस्य सहित कई बड़े नेता बनेंगे।”
उन्होंने लोगों से अपनी ताकत को पहचानने की अपील करते हुए हनुमान जी का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि जिस तरह हनुमान जी को उनकी शक्ति की याद दिलाए जाने के बाद उन्होंने अपनी शक्ति का प्रदर्शन किया था, उसी तरह वे लोगों को उनके भीतर मौजूद साहस और शक्ति की याद दिलाने आए हैं।
उन्होंने कहा कि लोगों को अपनी शक्ति को समझना होगा। ‘गरीब चौपाल यात्रा’ इसी जनविश्वास को और मजबूत करने का अभियान है।
लोगों से लिए गए समस्याओं से जुड़े आवेदन
कार्यक्रम के दौरान डॉ. संतोष कुमार सुमन ने उपस्थित लोगों से स्थानीय समस्याओं से संबंधित आवेदन भी प्राप्त किए। उन्होंने आश्वस्त किया कि सभी मामलों पर संबंधित विभागों के माध्यम से शीघ्र और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित कराने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि जो जरूरतमंद लोग अपनी समस्याएं या तकलीफ बताना चाहते हैं, वे मुंगेर जिला अध्यक्ष परमानंद मांझी, राष्ट्रीय सचिव निलेश कुमार सिंह और महादलित आयोग के सदस्य मुकेश मांझी को अपना आवेदन सौंप सकते हैं।
इस अवसर पर गया के जिला प्रवक्ता रामसनेही मांझी, भलार निवासी राजेश कुमार सिंह, राजकुमार मांझी, विनय मांझी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और नेताओं ने कार्यक्रम को संबोधित किया।
ये भी पढ़ें:-
भोजपुरी और अंगिका गीत से संस्कृति बचाने की पहल, लोहा फैमिली ब्लॉग पर होगा रिलीज
मुंगेर में सजी सुरों की महफिल, ‘एक शाम मोहम्मद रफ़ी के नाम’ कार्यक्रम में गूंजे सदाबहार नगमे
निष्काम सेवा से अहंकार का क्षय, भक्ति की पहली सीढ़ी समर्पण: परमहंस स्वामी निरंजनानंद सरस्वती
