भारतीय जनता पार्टी, बिहार प्रदेश अल्पसंख्यक मोर्चा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष मोहिबुल हक ने मंगलवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित भव्य समारोह के दौरान विधिवत अपना दायित्व ग्रहण किया। इस अवसर पर बिहार के विभिन्न जिलों से पहुंचे हजारों अल्पसंख्यक कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और समर्थकों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। कार्यक्रम स्थल पर संगठनात्मक उत्साह, जोश और एकजुटता का अद्भुत दृश्य देखने को मिला।
इस गरिमामयी अवसर पर भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष की विशेष उपस्थिति रही। उन्होंने नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष मोहिबुल हक को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में बिहार में अल्पसंख्यक मोर्चा और अधिक सशक्त एवं प्रभावशाली बनेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम पायदान तक पहुंचाने में संगठन की भूमिका और मजबूत होगी।
अपने संबोधन में मोहिबुल हक ने पार्टी नेतृत्व, वरिष्ठ पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन ने उन पर जो भरोसा जताया है, उस विश्वास को पूरी निष्ठा, समर्पण और ईमानदारी से निभाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र को आधार बनाकर भाजपा की राष्ट्रवादी विचारधारा को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि बिहार में अल्पसंख्यक समाज के बीच संगठन के विस्तार, संवाद और सेवा कार्यों को नई गति दी जाएगी तथा बूथ स्तर तक संगठन को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में ठोस पहल की जाएगी। उन्होंने यह भी दोहराया कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता होगी।
इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री राजू झा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष तुफैल कादरी, कमरूजमा अंसारी, खालिद कमाल, राष्ट्रीय सह मीडिया प्रभारी नूर आलम हवारी, प्रदेश महामंत्री नौशाद अहमद, पटना महानगर मोर्चा अध्यक्ष अरसी अजीज, प्रदेश मीडिया प्रभारी मो. रमीज राजा, फिरोज शाकरी, दिलशाद, फैयाज मंसूरी, शिवा कैसर, जेबा खान, कुरबान शेख, फैयाज काजमी, नूरजहां, खुशबू प्रवीण, साकिब जमानी, तनवीर हवारी, हाशिम बखो, मो. तौफिक, फैजान अहमद, सरदार उपकार सिंह सहित बड़ी संख्या में प्रदेश एवं जिला स्तर के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम ने यह स्पष्ट संकेत दिया कि बिहार भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा अब नए नेतृत्व में संगठनात्मक मजबूती, जनसंपर्क और सामाजिक समरसता की दिशा में नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ने को तैयार है।
