पप्पू यादव बोले- विस्तार के बहाने टीएक्सआर और कैरेज एंड वैगन के मजदूरों की छंटनी की साजिश, रेलवे के फैसले का करेंगे विरोध
मुंगेर। जमालपुर-हावड़ा सुपर एक्सप्रेस के पटना तक विस्तार का मामला अब तूल पकड़ने लगा है। रेल से जुड़े विभिन्न सवालों को लेकर लंबे समय से संघर्ष कर रहे जमालपुर रेल निर्माण कारखाना संघर्ष मोर्चा ने इस मुद्दे पर आंदोलन का ऐलान किया है।
शनिवार को मुंगेर जिले के जमालपुर स्थित जूबलि वेल के कृष्णानंद निवास में मोर्चा की एक आवश्यक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मोर्चा के संरक्षक एवं जनसुराज नेता दिनेश सिंह ने की, जबकि संचालन मोर्चा के सह-संयोजक कन्हैया सिंह ने किया।
बैठक में जमालपुर-हावड़ा सुपर एक्सप्रेस का पटना तक विस्तार, अतिक्रमण के नाम पर गरीबों का रोजगार छिनने, कारखाने में सफाई टेंडर और शॉप स्थानांतरण को लेकर उठाए जा रहे सवालों तथा अमृत भारत योजना से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई। बैठक में इन मुद्दों को लेकर चरणबद्ध आंदोलन की रणनीति भी तय की गई।
मुंगेर में मां चंडिका स्थान जलजमाव से बेहाल, गर्भगृह तक पानी पहुंचने से श्रद्धालु परेशान
रेलवे क्षेत्र को साजिश के तहत खत्म करने का आरोप
बैठक को संबोधित करते हुए मोर्चा के संरक्षक दिनेश सिंह ने आरोप लगाया कि रेलवे बोर्ड और पूर्व रेलवे इस क्षेत्र को एक साजिश के तहत नेस्तनाबूद करने की कोशिश कर रहे हैं, जिसे मोर्चा स्वीकार नहीं करेगा।
उन्होंने कहा कि इन मुद्दों को लेकर संघर्ष को व्यापक रूप दिया जाएगा। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि मोर्चा अपने आंदोलन से शहर को पाट देगा।
‘विस्तार के बहाने मजदूरों की छंटनी की साजिश’
मोर्चा के संयोजक एवं सपा जिलाध्यक्ष पप्पू यादव ने कहा कि जमालपुर-हावड़ा सुपर एक्सप्रेस को जमालपुर से पटना तक विस्तार देने के बहाने यहां स्थापित टीएक्सआर तथा कैरेज एंड वैगन विभाग के मजदूरों की छंटनी की साजिश की जा रही है।
उन्होंने कहा कि इससे हजारों रेलवे कर्मचारियों के साथ-साथ दैनिक रेल यात्रियों की सुविधाएं भी प्रभावित होंगी। पप्पू यादव ने कहा कि यदि रेलवे बोर्ड और पूर्व रेलवे इस ट्रेन को जमालपुर से हटाने की कोशिश करता है तो संघर्ष मोर्चा इसका विरोध करेगा।
रेलवे अधिकारियों पर लगाए गंभीर आरोप
जमालपुर-हावड़ा सुपर एक्सप्रेस रेल निर्माण कारखाना संघर्ष मोर्चा के सह-संयोजक कन्हैया सिंह ने जमालपुर में पदस्थापित रेलवे अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि कारखाने के अंदर और ओपन लाइन से जुड़े मामलों में रेलवे को नुकसान पहुंचाने वाली गतिविधियां हो रही हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि अधिकारियों की प्राथमिकता कमिशनखोरी और लूट-खसोट है, जिसे मोर्चा किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगा।

अमृत भारत योजना और अतिक्रमण को लेकर भी सवाल
मोर्चा के प्रवक्ता रविकांत झा, मीडिया प्रभारी मनोज क्रांति, सचिव पंकज यादव सहित अन्य वक्ताओं ने भी बैठक को संबोधित किया।
वक्ताओं ने आरोप लगाया कि अमृत भारत योजना के नाम पर अनियमितताएं हो रही हैं और अतिक्रमण हटाने के नाम पर गरीबों से रोजगार छीना जा रहा है। उन्होंने स्टेशन पर यात्रियों से कथित वसूली और इससे जुड़ी शिकायतों का भी मुद्दा उठाया।
वक्ताओं ने कहा कि ऐसे मामलों में जिम्मेदार अधिकारियों की संपत्ति की जांच की मांग को लेकर भी अभियान चलाया जाना चाहिए।
चरणबद्ध आंदोलन का निर्णय
बैठक के अंत में सर्वसम्मति से विभिन्न रेल एवं जनहित के मुद्दों को लेकर चरणबद्ध आंदोलन चलाने का निर्णय लिया गया।
बैठक में सचिव नकुल यादव, सुधीर गुप्ता, राजकुमार शर्मा, दिनेश साहू, राजीव पटवा, अमिताभ कश्यप, रविशंकर यादव, चंदन साहू, गौरव यादव, गौतम बिंद, सुजीत यादव, अशोक शर्मा, चंदन राउत, कृष्ण कुमार, काली सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें:-
मुंगेर में सजी सुरों की महफिल, ‘एक शाम मोहम्मद रफ़ी के नाम’ कार्यक्रम में गूंजे सदाबहार नगमे
मुंगेर के महादलित परिवारों को मिलेगा पक्का आशियाना, आशिकपुर स्लम में बनेगा बहुमंजिला आवास
भोजपुरी और अंगिका गीत से संस्कृति बचाने की पहल, लोहा फैमिली ब्लॉग पर होगा रिलीज
