पेपर लीक से परीक्षा रद्द होने पर छात्रों का खर्च विभाग उठाए; हॉस्टल-पीजी के मनमाने किराये पर नियमन की मांग, युवाओं से बोले- जॉब सीकर नहीं, जॉब प्रोवाइडर बनें
प्रयागराज। राष्ट्रीय युवा आयोग बनाने की मांग को लेकर केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने प्रयागराज के परेड मैदान में युवाओं के साथ संवाद किया। ‘यूथ बोले तो’ कार्यक्रम में उन्होंने प्रतियोगी छात्रों की समस्याओं, पेपर लीक के कारण परीक्षा रद्द होने पर छात्रों के खर्च, हॉस्टल-पीजी के मनमाने किराये और रोजगार जैसे मुद्दों पर अपनी बात रखी। चिराग पासवान ने कहा कि युवाओं की समस्याओं को सुनने और उनके समाधान के लिए देश में एक राष्ट्रीय युवा आयोग (National Youth Commission) होना चाहिए। सुनिए चिराग पासवान ने ‘यूथ बोले तो’ कार्यक्रम में क्या कुछ कहा
उन्होंने कहा कि जिस तरह महिलाओं और बच्चों के लिए अलग आयोग मौजूद हैं, उसी तरह युवाओं के अधिकारों और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए केंद्र स्तर पर एक समर्पित आयोग होना बेहद जरूरी है.
राष्ट्रीय युवा आयोग : परीक्षा रद्द होने पर छात्रों का खर्च उठाए विभाग
युवाओं के बीच एक बड़े भाई की भूमिका में पहुंचे चिराग पासवान ने प्रशासनिक लापरवाही और पेपर लीक के मामलों पर भी तीखी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि यदि किसी सरकारी विभाग की लापरवाही या पेपर लीक के कारण परीक्षा रद्द होती है, तो अगली परीक्षा में छात्रों के आने-जाने, ठहरने और भोजन का पूरा खर्च संबंधित विभाग को उठाना चाहिए. इसके साथ ही, रद्द हुई परीक्षा का प्रयास (अटेम्प्ट) भी छात्रों के मुख्य रिकॉर्ड या अटेम्प्ट्स में नहीं जोड़ा जाना चाहिए.
प्राइवेट हॉस्टल और पीजी के मनमाने किराए पर लगे लगाम

संवाद के दौरान प्रतियोगी छात्रों ने प्रयागराज और अन्य बड़े शहरों में प्राइवेट हॉस्टल, पीजी (PG) और गेस्ट हाउस संचालकों द्वारा वसूले जाने वाले मनमाने किराए और बुनियादी सुविधाओं की कमी की गंभीर शिकायतें दर्ज कराईं. इस पर कड़ा रुख अपनाते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि ऐसे संस्थानों पर सरकारी निगरानी और स्पष्ट नियमन (Regulation) की सख्त जरूरत है, ताकि छात्रों का आर्थिक शोषण रोका जा सके.
रोजगार, स्टार्टअप और परीक्षा तिथियों पर जोर
रोजगार के मुद्दे पर चिराग पासवान ने स्टार्टअप संस्कृति को और अधिक विस्तार देने की बात कही. उन्होंने परीक्षा तिथियों में बार-बार होने वाले बदलावों पर रोक लगाने की आवश्यकता पर बल दिया. यही नहीं, भविष्य में युवाओं की समस्याओं, शिकायतों और सुझावों को सीधे सरकार तक पहुंचाने के लिए एक समर्पित डिजिटल पोर्टल तैयार करने की भी बात कही गई. केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने युवाओं से नौकरी मांगने वाले (Job Seeker) के बजाय रोजगार देने वाला (Job Provider) बनने और अपनी छिपी हुई प्रतिभा को पहचानकर कौशल विकसित करने की अपील की.

जेन-जी स्टाइल और सांस्कृतिक रंग
प्रयागराज के परेड मैदान पर आयोजित इस कार्यक्रम में चिराग पासवान आधुनिक जेन-जी स्टाइल में जींस और टी-शर्ट पहनकर मंच पर पहुंचे और हाथ हिलाकर युवाओं का अभिवादन किया. मुख्य कार्यक्रम से पहले मंच पर लाइव म्यूजिकल परफॉर्मेंस का आयोजन किया गया, जहां कलाकारों ने लोकप्रिय भोजपुरी, अवधी और हिंदी गीतों की प्रस्तुतियां दीं. इन धुनों पर कार्यक्रम में मौजूद युवा और महिलाएं थिरकते हुए नजर आए.
ये भी पढ़ें:-
चुनाव आयोग के फैसलों के खिलाफ कांग्रेस का पटना में प्रदर्शन, CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग
