पटना। Nutan Singh WPL Trial। बिहार क्रिकेट के लिए यह गौरव का क्षण है। बिहार की प्रतिभाशाली महिला क्रिकेटर और स्टेट प्लेयर नूतन सिंह का आगामी Women’s Premier League (WPL) में प्रतिभाग करने वाली टीम UP Warriorz के ट्रायल के लिए चयन किया गया है।
UP Warriorz की ओर से प्राप्त आधिकारिक जानकारी के अनुसार नूतन सिंह 11 अगस्त 2026 से 14 अगस्त 2026 तक बेंगलुरु में आयोजित ट्रायल में हिस्सा लेंगी। इस दौरान एक खिलाड़ी के तौर पर उन्हें मिलने वाली सभी आवश्यक सुविधाएं फ्रेंचाइजी की ओर से उपलब्ध कराई जाएंगी।
बिहार महिला क्रिकेट टीम की सीनियर प्लेयर हैं नूतन सिंह
नूतन सिंह बिहार महिला क्रिकेट टीम की सीनियर प्लेयर हैं। इससे पहले वह U19 और U23 घरेलू क्रिकेट में अपने प्रदर्शन से अपनी प्रतिभा का परिचय दे चुकी हैं। अब WPL जैसी प्रतिष्ठित प्रतियोगिता की फ्रेंचाइजी के ट्रायल में शामिल होने का अवसर मिलना उनके क्रिकेट करियर के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
नूतन सिंह का UP Warriorz के ट्रायल के लिए चयन बिहार की महिला क्रिकेट प्रतिभाओं के लिए भी उत्साहजनक है। WPL भारत की प्रमुख महिला टी20 फ्रेंचाइजी प्रतियोगिता है और UP Warriorz इस लीग की पांच टीमों में शामिल है।
BCA अध्यक्ष हर्ष वर्धन ने दी शुभकामनाएं
नूतन सिंह के चयन पर बिहार क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री हर्ष वर्धन ने कहा,
“नूतन सिंह का WPL टीम के ट्रायल के लिए चयन बिहार क्रिकेट के लिए बेहद गर्व की बात है। वह बिहार की प्रतिभाशाली स्टेट प्लेयर हैं और उन्हें देश के बड़े महिला क्रिकेट मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला है। BCA की ओर से उन्हें हार्दिक शुभकामनाएं हैं और हमें उम्मीद है कि वह अपने प्रदर्शन से बिहार का नाम रोशन करेंगी।”
BCA सचिव ने बताया मेहनत और प्रतिभा का परिणाम
BCA के सचिव श्री ज़िआउल अरफीन ने कहा,
“नूतन सिंह को UP Warriorz के ट्रायल का अवसर मिलना बिहार की महिला क्रिकेट के लिए उत्साहजनक खबर है। यह उनकी मेहनत और प्रतिभा का परिणाम है। हमें विश्वास है कि वह बेंगलुरु में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेंगी और इस अवसर को बड़ी उपलब्धि में बदलेंगी।”

Nutan Singh WPL Trial के लिए चुने जाने से क्रिकेट प्रतिभाओं में उत्साह
बिहार क्रिकेट एसोसिएशन ने नूतन सिंह को बेंगलुरु में होने वाले ट्रायल के लिए शुभकामनाएं दी हैं और उनके उज्ज्वल क्रिकेट भविष्य की कामना की है।
BCA का मानना है कि बिहार की महिला क्रिकेट प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी क्षमता दिखाने के ऐसे अवसर मिलने से प्रदेश में महिला क्रिकेट को नई दिशा और प्रेरणा मिलेगी।
नूतन सिंह के लिए यह ट्रायल न केवल उनके व्यक्तिगत क्रिकेट करियर के लिहाज से महत्वपूर्ण है, बल्कि बिहार की महिला क्रिकेट के लिए भी एक बड़ा अवसर है। अब सभी की निगाहें बेंगलुरु में होने वाले ट्रायल में उनके प्रदर्शन पर रहेंगी।
यह भी पढ़ें:–
बिहार का सबसे बड़ा क्रिकेट स्टेडियम लगभग तैयार, दिसंबर से बदल जाएगी राजगीर की पहचान
