जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर बांकीपुर विधानसभा उप-चुनाव में जन सुराज के प्रत्याशी होंगे। पार्टी की कोर कमेटी की बैठक के बाद इसका ऐलान किया गया है। पटना के बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के इस्तीफे से खाली हुआ है।
जन सुराज पार्टी ने जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर को काफी मंथन के बाद बांकीपुर विधानसभा उप-चुनाव में उतारने का फैसला किया। प्रशांत किशोर को बांकीपुर से प्रत्याशी बनाने से पहले पार्टी ने बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में काफी फिल्डिंग की है। पार्टी के तामम बड़े नेताओं से लेकर खुद प्रशांत किशोर ने बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र की जनता के साथ संवाद कार्यक्रम चलाया। इसके बाद आज चली मैराथन बैठक के बाद पार्टी की कोर कमेटी ने प्रशांत किशोर के नाम पर मुहर लगा दी।
इस मौके पर प्रशांत किशोर बीजेपी नेतृत्व और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर जमकर बरसे। उन्होंने सम्राट पर चौधरी पर पीछे के दरवाजे से मुख्यमंत्री की कुर्सी तक पहुंचने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता उनपर भरोसा नहीं करती। बिहार की जनता ने उन्हें मुख्यमंत्री नहीं चुना है। जनता ने नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री चुना था। लेकिन बीजेपी जनता पर उन्हें जबरन थोपने का काम किया है।

इसके साथ ही प्रशांत किशोर ने कहा कि पार्टी के शीर्ष नेतृत्व, कार्यकर्ताओं और बांकीपुर की प्रबुद्ध जनता की इच्छा का हमने सम्मान किया है। उनके आदेश पर ही हमने बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ने का फैसला किया है। अब बांकीपुर की जागरुक जनता का काम है की हमें जीता कर बीजेपी के शीर्ष को बड़ा संदेश दें। उन्होंने कहा कि बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र के लोग बुद्धिजीवी होने के साथ-साथ देश के जागरुक और जिम्मेदार नागरिक है। ऐसे में उनकी जिम्मेदारी बनती है की वे सही प्रत्याशी का चुनाव करें। इस दौरान प्रशांत किशोर ने इशारों-इशारों में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर जमकर निशाना साधा और उन्हें अयोग्य बताते हुए अनपढ़ तक कह दिया।
हम आपको बताते कि 2025 के विधानसभा चुनाव के दौरान प्रशांत किशोर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के विधानसभा क्षेत्र राघोपुर से चुनाव लड़ने का ऐलान किया था। लेकिन ऐन मौके पर पार्टी हिंत में चुनाव नहीं लड़ने का फैसला किया। हालांकि चुनाव प्रक्रिया से बाहर रहकर भी प्रशांत किशोर अपनी पार्टी के 235 उम्मीदवारों में एक को भी विधानसभा नहीं पहुंचा पाये। चुनाव के बाद उन्होंने एनडीए गठबंधन पर वोट खरीदने का आरोप लगाया था। लेकिन इस बार मामला जुदा है। प्रशांत किशोर और उनके पार्टी के लोग बांकीपुर विधानसभा सीट जीतकर बीजेपी को एक बड़ा संदेश देना चाहती है। अगर ऐसा होता है तो इसकी चर्चा पूरे देश में होना तय है।
चुनाव की तारीख के ऐलान से पहले ही जन सुराज के नेता और कार्यकर्ता बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में कैंपेन चला रहे हैं। जन सुराज से जड़े नेताओं का दावा है कि बांकीपुर की जनता भाजपा के कुशासन के त्रस्त हो कर यह मांग कर रही है कि जन सुराज की तरफ से प्रशांत किशोर को यहां से चुनाव लड़ना चाहिए। पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं की भी यह मांग है कि जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर बांकीपुर विधानसभा उप-चुनाव में पार्टी के उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ें।
