मुंगेर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर मुंगेर में दोनों महापुरुषों को श्रद्धांजलि दी गई। जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पाणीकर और पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद ने गांधी चौक एवं शास्त्री चौक स्थित उनकी प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर महापौर कुमकुम देवी, अपर समाहर्ता आपदा संजय कुमार, उप विकास आयुक्त अजीत कुमार सिंह सहित अन्य पदाधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।
गांधी के सत्य-अहिंसा और शास्त्री की सादगी से प्रेरणा लेने की अपील
जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पाणीकर ने कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री का जीवन राष्ट्र के प्रति समर्पण की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि गांधीजी का जीवन सत्य, अहिंसा, स्वच्छता, सादगी और जनसेवा का संदेश देता है, जबकि लाल बहादुर शास्त्री का जीवन ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा, सादगी और राष्ट्र के प्रति समर्पण की प्रेरणा देता है।
डीएम ने कहा कि दोनों महान विभूतियों के विचार आज भी समाज और राष्ट्र के लिए प्रासंगिक हैं। जयंती केवल महापुरुषों को याद करने का अवसर नहीं है, बल्कि उनके आदर्शों को अपने आचरण और कार्यशैली में अपनाने का संकल्प लेने का भी दिन है।
उन्होंने कहा कि सभी लोग अपने दायित्वों का ईमानदारी और निष्ठा से निर्वहन करें तथा स्वच्छ और स्वस्थ समाज के निर्माण में योगदान दें। साथ ही समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध रहें। यही महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर जताई चिंता

मुंगेर डीएम ने युवा पीढ़ी में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं। यदि युवा नशे से दूर रहेंगे तो अपनी ऊर्जा, प्रतिभा और क्षमता का उपयोग राष्ट्र निर्माण में कर सकेंगे।
उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखना केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है। परिवार, समाज और प्रत्येक नागरिक को भी इसमें सक्रिय भूमिका निभानी होगी। इसके लिए लगातार जागरूकता और सामाजिक पहल की जरूरत है।
स्वच्छ, नशामुक्त और सशक्त समाज बनाने की अपील
जिलाधिकारी ने जिलेवासियों से गांधीजी के स्वच्छता, सत्य और अहिंसा के संदेश तथा शास्त्री जी के “जय जवान, जय किसान” के आदर्शों को अपनाने की अपील की।
उन्होंने लोगों से स्वच्छ, नशामुक्त, स्वस्थ और सशक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
ये भी पढ़ें:-
अशोक चौधरी और भगवान सिंह कुशवाहा को मंत्रिमंडल से बर्खास्त करे सरकार: पप्पू यादव
कोसी स्नातक निर्वाचन को लेकर मुंगेर डीएम ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ की बैठक
सोलर लगाते ही बिजली बिल हुआ लगभग शून्य! PM सूर्य घर योजना के लाभुक ने मुख्यमंत्री को बताया फायदा
