Operation Sindoor में 6 शहीद जवानों के नाम सरकार द्वारा सार्वजनिए किए जाने के बाद कांग्रेस पार्टी ने केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा है. कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि सरकार ने ऑपरेशन सिंदूर पर सरकार ने जवानों के बलिदान को छिपाया है. कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने रक्षामंत्री राजनाथ सिंह का संसद में दिए बयान का वीडियो शेयर करते हुए कहा कि – सरकार ने इन जवानों की शहादत एक साल तक सार्वजनिक नहीं की. इसकी 2 ही संभावनाएं हैं. या तो रक्षामंत्री राजनाथ सिंह को उस वक्त जवानों के वीरगति प्राप्त होने की जानकारी नहीं थी. या फिर रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने पार्लियामेंट को गुमराह किया. पवन खेड़ा ने कहा कि दोनों की स्थितियां गंभीर हैं.
बता दें कि कांग्रेस नेता पवन खेड़ा द्वारा सोशल मीडिया साइट एक्स पर शेयर किए गए इस वीडियो में ऐसा दावा किया है कि रक्षामंत्री राजनाथ सिंह संसद में बयान दे रहे हैं कि Operation Sindoor में कोई भारतीय सैनिक वीरगति को प्राप्त नहीं हुआ है. वहीं आम आदमी पार्टी ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर लिखा कि – शहीदों के ताबूतों में घोटाला करने वाली भारतीय जनता पार्टी Operation Sindoor में जवानों के बलिदान पर देश की जनता को गुमराह करती रही है. देश की जनता भी अब जान गई है कि भारतीय जनता पार्टी न जवान की है और ना भगवान राम की है.
रक्षा मंत्रालय की सफाई
कांग्रेस नेता पवन खेड़ा के इस दावे के बाद केंद्र सरकार ने इस दावे को झूठा करार दिया है और रक्षा मंत्रालय की ओर से सफाई आई है. जिसमें कहा गया है कि कुछ मीडिया रिपोर्ट और सोशल मीडिया पोस्ट में रक्षा मंत्री के बयान को गलत और भ्रामक तरीके से पेश किया जा रहा है. जिसमें भाषण के एक खास हिस्से को लेकर ऐसा दावा किया जा रहा है कि रक्षामंत्री ने संसद में कहा था कि किसी भी जवान की शहादत नहीं हुई है. यह पूर्ण रूप से गलत है. जिस वक्त रक्षा मंत्री संसद में बयान दे रहे थे. उस वक्त ऐसा दुष्प्रचार चल रहा था Operation Sindoor के दौरान भारतीय वायुसेना के पायलट मारे गए थे. रक्षा मंत्री इसी दुष्प्रचार का जवाब दे रहे थे. उनके इस बयान को उसी संदर्भ में देखना चाहिए.
संसद में क्या बोले थे रक्षामंत्री?
28 जुलाई, 2025 को रक्षामंत्री राजनाथ ने संसद में कहा था कि – विपक्ष के लोग पूछते हैं कि हमारे कितने विमान गिरे, उन्होंने हमसे कभी ये नहीं पूछा कि हमारी सेना ने दुश्मनों के कितने विमान मार गिराए. अगर आपको सवाल पूछना है तो ये पूछिए कि क्या इस Operation Sindoor में हमारे बहादुर सैनिकों को कोई क्षति हुई है- तो इसका जवाब है नहीं.
Operation Sindoor में वीरगति को प्राप्त हुए जवान
ऑपरेशन सिंदूर के करीब 13 महीने बाद केंद्र सरकार ने Operation Sindoor में वीरगति को प्राप्त हुए 6 जवानों के नाम सार्वजनिक किए हैं. इनमें लांसनायक दिनेश कुमार, एविएटर मूड मुरलीनायक, सार्जेंट सुरेंद्र कुमार, सूबेदार मेजर पवन कुमार, राइफलमैन सुनील कुमार, हवलदार सुनील कुमार सिंह शामिल हैं. इनके नाम नेशनल वॉर मेमोरियल की वॉल पर दर्ज किया गया है.
