पटना। प्रशांत किशोर बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में जीत के बाद विधायक के तौर पर अपने विधानसभा क्षेत्र में लोगों के बीच पहुंचे। उन्होंने विभिन्न इलाकों में आभार सभाओं में हिस्सा लिया और लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान प्रशांत किशोर ने युवाओं के रोजगार, राशन कार्ड, पेंशन और शिक्षा को लेकर कई बड़े ऐलान किए।
10 हजार युवाओं को प्राइवेट नौकरी दिलाने का दावा
आभार सभा को संबोधित करते हुए प्रशांत किशोर ने कहा कि बांकीपुर के युवाओं को रोजगार दिलाने के लिए वह अगले एक साल में कम से कम 10 हजार युवाओं को प्राइवेट नौकरी दिलाने की व्यवस्था करेंगे। उन्होंने युवाओं से अपना बायोडाटा उनके कार्यालय में जमा करने की अपील की।
प्रशांत किशोर ने कहा कि उन्होंने देशभर में अपने संपर्कों से बिहार के युवाओं को नौकरी देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि बिहार के किसी विधानसभा क्षेत्र से अगर सबसे ज्यादा युवाओं को नौकरी मिलेगी तो वह बांकीपुर के लोगों को मिलेगी।
उन्होंने कहा कि जब जन सुराज की सरकार बिहार में बनेगी तो ऐसी व्यवस्था करने का प्रयास होगा कि बिहार के युवाओं को रोजगार के लिए दूसरे राज्यों में जाने की जरूरत न पड़े।
तीन महीने में राशन कार्ड और पेंशन की समस्या दूर करने का दावा
यारपुर राजपूताना गोपाल शरण सिंह पथ में आयोजित आभार सभा में प्रशांत किशोर ने कहा कि लोगों की उम्मीद है कि उनके चुनाव जीतने के बाद उनके जीवन में बदलाव आएगा। उन्होंने कहा कि वास्तविक बदलाव के लिए पढ़ाई और रोजगार जरूरी है।
उन्होंने दावा किया कि तीन महीने का समय दिया जाए तो राशन कार्ड बनवाने के लिए किसी से एक रुपये की रिश्वत नहीं लेने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि जिन लोगों के पास राशन कार्ड है, उन्हें पांच किलो अनाज मिलना चाहिए।
प्रशांत किशोर ने 60 वर्ष से अधिक उम्र के उन लोगों से भी अपने कार्यालय में आवेदन देने को कहा, जिन्हें कथित तौर पर 1100 रुपये की पेंशन नहीं मिल रही है। उन्होंने कहा कि पेंशन और राशन से जुड़ी समस्याओं को तीन महीने के भीतर सुधारने का प्रयास किया जाएगा।

‘बांकीपुर के नतीजे के बाद बिहार में एनकाउंटर की नहीं, पढ़ाई-रोजगार की बात हो रही’
प्रशांत किशोर ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को लेकर भी बड़ा राजनीतिक बयान दिया। उन्होंने कहा कि बांकीपुर के चुनाव परिणाम के बाद बिहार में राजनीतिक चर्चा का तरीका बदल गया है।
उन्होंने कहा, “जबसे बांकीपुर का रिजल्ट आया है बिहार में एनकाउंटर की बात नहीं हो रही, रोज पढ़ाई-रोजगार की बात हो रही है। ये आपके वोट की ताकत है।”
प्रशांत किशोर ने कहा कि उन्होंने चुनाव के दौरान लोगों से कहा था कि यदि वे भाजपा को हराएंगे तो बिहार के मुख्यमंत्री को पढ़ाई और रोजगार की बात करनी पड़ेगी। उन्होंने दावा किया कि चुनाव परिणाम का असर सरकार के कामकाज के तरीके पर दिखाई दे रहा है।
भरत तिवारी के नाम पर हुई राजनीतिक बयानबाजी का जिक्र करते हुए प्रशांत किशोर ने कहा कि गोली चलाने के मामले में 11 लोगों के खिलाफ एफआईआर की खबर सामने आई है। उन्होंने इसे जनता के वोट की ताकत बताया।
एक साल में सरकारी स्कूल नहीं सुधरा तो प्राइवेट स्कूल की फीस देने का दावा
प्रशांत किशोर ने शिक्षा को लेकर भी बड़ा वादा किया। उन्होंने कहा कि अगले एक साल में या तो सरकारी विद्यालयों की स्थिति बेहतर की जाएगी या फिर यदि ऐसा नहीं हुआ तो बच्चों को प्राइवेट स्कूल में पढ़ाने और उनकी फीस की व्यवस्था की जाएगी।
उन्होंने कहा कि नौकरी, पढ़ाई, 1100 रुपये पेंशन और अनाज—इन चार मुद्दों पर निश्चित तौर पर काम किया जाएगा। उन्होंने अन्य समस्याओं के समाधान के लिए लोगों से समय देने की अपील की।
कई इलाकों में पहुंचे प्रशांत किशोर
बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र के दौरे के दौरान प्रशांत किशोर सबसे पहले दशरथा स्थित शहीद राम गोविंद सिंह बालिका उच्च विद्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने स्मरण एवं श्रद्धांजलि सभा में हिस्सा लिया।
इसके बाद उन्होंने यारपुर राजपूताना गोपाल शरण सिंह पथ में आयोजित आभार सभा में लोगों को संबोधित किया। इसके बाद वे जक्कनपुर के हनुमान पथ पहुंचे। बाद में वार्ड 40 में लंगरटोली चौक के पास स्थित ग्रैंड पैलेस हॉल में आयोजित आभार सभा में भी शामिल हुए।
प्रशांत किशोर ने इस दौरान लोगों से कहा कि बांकीपुर की जनता ने उन्हें जो जिम्मेदारी दी है, उसे वे क्षेत्र की समस्याओं के समाधान और युवाओं के रोजगार के लिए इस्तेमाल करेंगे।
ये भी पढ़ें:-
₹1 सालाना में 15 एकड़ जमीन, 99 साल की लीज: ईशा फाउंडेशन को क्या मिलेगा और बिहार की जनता को क्या?
बिहार की बेटी ने रचा इतिहास, भावना कंठ बनीं देश की पहली महिला ‘टॉप गन’
यूथ चक्रव्यूह में फंसा, रील्स के नशे में उलझाकर यूथ को मजदूर बनाया जा रहा- राहुल गांधी
