मुंगेर। मुंगेर शिक्षा बचाओ पदयात्रा। बिहार राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ (गोपगुट) की ओर से बुधवार को ‘शिक्षा बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के तहत मुंगेर में पदयात्रा निकाली गई। जिलाध्यक्ष रंजन कुमार के नेतृत्व में आयोजित इस पदयात्रा में बड़ी संख्या में शिक्षक शामिल हुए और सरकार से शिक्षा व्यवस्था में सुधार तथा शिक्षकों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर त्वरित कार्रवाई की मांग की।
अपराह्न चार बजे अंबेडकर चौक, किला परिसर से शुरू हुई पदयात्रा शहर के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरी। इस दौरान शिक्षकों ने शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और सरकारी विद्यालयों में बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग उठाई।
जिलाध्यक्ष रंजन कुमार ने कहा कि सरकार को शिक्षकों के स्थानांतरण के लिए स्पष्ट और पारदर्शी नीति लागू करनी चाहिए। साथ ही लंबे समय से लंबित प्रमोशन की प्रक्रिया पूरी की जाए तथा टीईटी और डीएलएड के नाम पर किसी भी शिक्षक को सेवा से मुक्त नहीं किया जाए।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी विद्यालयों में बच्चों को नामांकन के समय पाठ्यपुस्तकें और अन्य शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध नहीं कराई जाती। कई बार छात्रों को किताबें मिलने में छह से आठ महीने तक का समय लग जाता है, जिससे गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रभावित होती है।

रंजन कुमार ने मध्याह्न भोजन (मिड डे मील) योजना की राशि को भी अपर्याप्त बताते हुए कहा कि वर्तमान में प्रति छात्र मिलने वाली 5 से 6 रुपये की राशि में पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराना संभव नहीं है। उन्होंने सरकार से इस राशि में बढ़ोतरी करने की मांग की।
उन्होंने अभिभावकों और समाज के लोगों से भी शिक्षा सुधार के इस अभियान में सहयोग करने की अपील की ताकि बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए सरकार प्रभावी कदम उठाने को बाध्य हो।
इस अवसर पर विजय कुमार, जितेंद्र कुमार सिंह, अमन कुमार, शैलेश कुमार, अशोक कुमार सिन्हा, कौशल पासवान, राजीव रंजन राय, सुधांशु कुमार, अजय कुमार झा, सुनील कुमार चौधरी, कृष्ण रंजन, रमाशंकर कोकिल, रंजन प्रकाश रजक, शमशाद आलम सहित बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे।
